दिनांक-18.12.20251 उ0प्र0 खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के तत्वाधान में केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, गोमती नगर, लखनऊ में 10 दिवसीय मण्डल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योगी प्रदर्शनी का आयोजन दिनांक- 18 से 27 दिसम्बर, 2025 तक किया जा रहा है। प्रदर्शनी में खादी, ग्रामोद्योगी एवं माटी कला सहित कुल 130 स्टॉल लगाकर उद्यमियों द्वारा अपने उत्कृष्ट उत्पादों का प्रदर्शन एवं बिक्री की जा रही है।

प्रदर्शनी का उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वित्त एवं प्रभारी मंत्री श्री सुरेश खन्ना जी के द्वारा मुख्य द्वार पर फीता काटकर किया गया। प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ ही मुख्य अतिथि द्वारा महात्मा गाँधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया एवं प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया गया। इस अवसर पर बोर्ड के संयुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री सिद्धार्थ यादव, वित्तीय सलाहकार श्री मानवेन्द्र सिंह, परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी श्री अजय पाल एवं जिला ग्रामोद्योग अधिकारी श्री अवधेश गौतम सहित विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा प्रदर्शनी में आये उद्यमियों का उत्साहवर्धन करने के साथ ही अपने वक्तव्य में कहा कि खादी हमारी आजादी का प्रतीक है। गाँधी जी ने चर्खे को घर-घर तक पहुँचाया और इसे स्वदेश और स्वालम्बन का प्रतीक बनाया। खादी से लोगो को जोड़ना और उन्हें स्वरोजगार प्रदान करने का महात्मा गाँधी जी का सपना आज सच होता दिख रहा है। प्रधानमंत्री एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में देश का चहुमुखी विकास हो रहा है। स्वच्छता, स्वदेशी, स्वरोजगार एवं लोगो को स्वालम्बी बनाना और उन्हें रोजगार प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाना ही हमारा लक्ष्य है और इसे प्राप्त करने में खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग निरन्तर प्रयासरत् है।
प्रदर्शनी में लेदर का सामान, भदोही के कार्पेट, मिट्टी से बने बर्तन व घरेलू सजावटी सामान, प्रतापगढ़ का ऑवला मुरब्बा, वाराणसी की रेशम तथा सिल्क की साड़ी, राजस्थान के बीकानेरी पापड़ एवं नमकीन, उत्तरांचल के कोट, विभिन्न प्रकार की चादरें एवं हस्तकला पर आधारित वस्त्र उपलब्ध है।
