इमारत की तीसरी मंजिल से कूदी एमबीए की छात्रा, अस्पताल में तोड़ा दम, पुलिस जांच में जुटी

दिल्ली/एनसीआर देश राज्य

नई दिल्ली | दक्षिण दिल्ली में एक इमारत की तीसरी मंजिल से कूदने के बाद बुधवार को 23 वर्षीय एमबीए छात्रा की मौत हो गई। अहमदाबाद की रहने वाली ट्विंकल ने साकेत के मैक्स अस्पताल में इलाज के दौरान दिन में दम तोड़ दिया।

पुलिस के मुताबिक, आशंका है कि लड़की के छत से कूदने से पहले उसका अपने कथित प्रेमी से विवाद हुआ था। एक अधिकारी ने बताया कि, कोटा निवासी युवक करण मृतक युवती का सहपाठी था और दोनों के बीच कुछ अनबन चल रही थी।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) चंदन चौधरी ने कहा, मंगलवार को महरौली थाने में एक पीसीआर कॉल आई कि फ्रीडम फाइटर्स एन्क्लेव इलाके में एक इमारत की तीसरी मंजिल से एक युवती ने छलांग लगा दी है, जिसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची।

चौधरी ने कहा, मौके पर पहुंचने पर पता चला कि ट्विंकल छत से कूद गई थी। उसे मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां आज सुबह उसकी मौत हो गई। लड़की के माता-पिता को सूचित कर दिया गया है, जो अहमदाबाद से आ रहे हैं।

ट्विंकल और दो अन्य लड़कियां फ्रीडम फाइटर्स एन्क्लेव में किराए पर एक अपार्टमेंट शेयर कर रही थीं। एक अधिकारी ने कहा कि वे सभी बत्रा अस्पताल के पास एक संस्थान से एमबीए की छात्रा हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *