हाल ही में सिनेमाघरों में अपनी फिल्म जोराम को लेकर अभिनेता मनोज बाजपेयी को दर्शकों के साथ-साथ समालोचकों से खासी तारीफ मिली थी। फिल्म उद्योग में पिछले 30 वर्ष से लगातार काम करते आ रहे मनोज बाजपेयी ने अपनी अगली फिल्म भैयाजी का पोस्टर शेयर किया है। मनोज बाजपेयी की प्रतिभा किसी से छुपी हुई नहीं है। एक छोटी सी जगह से आए मनोज ने मुंबई में खासा नाम कमाया। मनोज को चाहने वालों की एक अलग ही लंबी-चौड़ी जमात है। भैयाजी से मनोज का फर्स्ट लुक भी सामने आ गया है, जिसमें वे बेहद अलग अंदाज में दिख रहे हैं।
फिल्म की रिलीज डेट की भी जानकारी दी गई है। खास बात ये है कि यह मनोज की 100वीं फिल्म है। पोस्टर में देख सकते हैं कि मनोज धोती-कुर्ता पहने गले में गमछा लपेटे, मुंह में सिगरेट दबाए एकदम देसी अंदाज में हैं। वे खूंखार लग रहे हैं। बैकग्राउंड में काफी खून-खराबा नजर आ रहा है। मनोज ने आज गुरुवार (14 मार्च) को पोस्टर अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। इसके साथ ही उन्होंने फिल्म की रिलीज डेट और टीजर को लेकर अपडेट दिया।
फिल्म 24 मई को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। इसका टीजर 20 मार्च को दोपहर 2 बजकर 42 मिनट पर रिलीज होगा। विनोद भोनुशाली और समीक्षा शैला ओसवाल यह मूवी ला रहे हैं। अपूर्व सिंह कार्की इसके डायरेक्टर हैं। अपूर्व इससे पहले मनोज की मूवी ‘सिर्फ एक बंदा काफी है’ का निर्माण कर चुके हैं। मनोज की पिछली फिल्म ‘जोराम’ ने देश-विदेश में खूब वाहवाही बटोरी थी।