लखनऊ, दिनांक 12 नवम्बर, 2025 , विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशाख जी0 द्वारा विधानसभा-169 बख्शी का तालाब (बीकेटी), विधानसभा-170 सरोजनीनगर एवं विधानसभा-176 मोहनलालगंज के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मलेशेमऊ के बूथ संख्या 429, 430, 431 एवं 432 का स्थलीय निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। तत्पश्चात उन्होंने बाघामऊ ग्राम के बूथ संख्या 426, 427 एवं 428 का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उक्त के अतिरिक्त विधानसभा सरोजनीनगर के ग्राम सरसावा अर्जुनगंज की बूथ संख्या 517 एवं विधानसभा मोहनलालगंज के ग्राम मिर्जापुर की बूथ संख्या 2 का भी निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ से गणना प्रपत्रों के वितरण की स्थिति, मतदाताओं से संपर्क की प्रगति तथा मोबाइल एप के माध्यम से की जा रही मार्किंग की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदाता तक गणना प्रपत्र समयबद्ध रूप से पहुंचे तथा सभी प्रपत्र दिनांक 04 दिसम्बर, 2025 से पूर्व संकलित कर लिए जाएं।

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशाख जी0 ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यह भी निर्देशित किया कि निर्वाचन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता कदापि बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम से संबंधित सभी कार्य समयबद्धता एवं पारदर्शिता के साथ पूर्ण किए जाएं।
