आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशाख जी0 द्वारा विधानसभा-173 लखनऊ उत्तर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया।

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ, दिनांक 10 नवम्बर, 2025 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के सुचारु एवं सफल क्रियान्वयन हेतु आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशाख जी0 द्वारा विधानसभा-173 लखनऊ उत्तर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विनय खंड, गोमतीनगर स्थित बूथ संख्या 401, 402, 403 एवं 404 का स्थल निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने विवेक खंड स्थित बूथ संख्या 405, 406, 407, 409 एवं 410 का भी औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से गणना प्रपत्रों के वितरण की स्थिति, मतदाताओं से सम्पर्क की प्रगति तथा मोबाइल एप के माध्यम से की जा रही मार्किंग की जानकारी प्राप्त की गई।
जिलाधिकारी ने स्थल पर मौजूद बीएलओ से वार्ता कर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदाता तक गणना प्रपत्र समयबद्ध रूप से पहुँचे तथा सभी गणना प्रपत्र दिनांक 04 दिसम्बर, 2025 से पूर्व भरकर संकलित किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदाताओं से संवाद कर उनका फीडबैक भी प्राप्त किया और संबंधित बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के कार्य को उच्च गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण कराया जाए।

उक्त के पश्चात, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के प्रभावी अनुश्रवण एवं सतत निगरानी के उद्देश्य से स्मार्ट सिटी स्थापित ICCC कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया जहां से कार्यों की निगरानी की जा रही है। इस अनुश्रवण व्यवस्था के अंतर्गत आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशाख जी0 द्वारा कंट्रोल रूम पहुंचकर किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव द्वारा बताया गया कि कंट्रोल रूम में प्रत्येक विधानसभा के लिए एक-एक AERO तथा 2 कम्प्यूटर ऑपरेटर की तैनाती की गई है। कंट्रोल रूम से समस्त AERO अपनी-अपनी विधानसभा के बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) से संपर्क स्थापित कर उनके कार्यों की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए अभियान की ऑनलाइन मॉनिटरिंग किया जाएगा।

उक्त के पश्चात जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मरकरी हाल में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों — ई.आर.ओ. (ERO), ए.ई.आर.ओ. (AERO), सुपरवाइजर एवं बीएलओ की समीक्षा में प्रतिभाग किया गया।

समीक्षा के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा बताया गया कि निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण एक अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने मतदेय स्थल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रत्येक मतदाता को गणना प्रपत्र दो प्रतियों में उपलब्ध कराएँगे तथा उन्हें भरने में सहायता करेंगे।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर नगर आयुक्त, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी नगर पूर्वी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर जिलाधिकारी नागरिक आपूर्ति, समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *