10 अक्टूबर 2025 लखनऊ। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के अंतर्गत 2 चरणों में चिन्हित कुल 150 ग्राम पंचायतों में “एक रूपये में स्वच्छता” अभियान अंतर्गत डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के कार्यों का जायज़ा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री विशाख जी0 द्वारा तहसील बीकेटी के ग्राम पंचायत कठवारा व कुम्हरावा का औचक निरीक्षण किया गया।
सर्वप्रथम जिलाधिकारी द्वारा ग्राम पंचायत कठवारा पहुंच कर डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के कार्यों जायज़ा लिया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा ग्राम पंचायत स्थित RRC का निरीक्षण किया गया जिसके अंतर्गत डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन, स्वच्छता शुल्क एकत्रीकरण आदि का अवलोकन किया गया। सचिव ग्राम पंचायत द्वारा अवगत कराया गया कि ग्राम पंचायत में 02 ई रिक्शा के माध्यम से सभी 1345 परिवारों में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का कार्य कराया जा रहा है। माह अगस्त 2025 में ग्राम पंचायत द्वारा 8400 रुपए का स्वच्छता शुल्क एकत्रित किया गया है तथा माह सितंबर 2025 का स्वच्छता शुल्क 15000 से अधिक प्राप्त होगा। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा सेग्रीगेशन स्टाफ और डोर टू डोर कलेक्शन करने वाले ई रिक्शा चालक के उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की गई। सचिव द्वारा बताया गया कि उक्त RRC सेंटर में वर्मी के कुल 07 बेड बने है। जिससे वर्मी कम्पोस्ट बनाकर वर्मी धन की ब्रांडिंग करके विक्रय किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए की ग्राम वासियों संवाद करते हुए उनको डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की सुविधा का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाए।

उसके उपरांत जिलाधिकारी द्वारा ग्राम पंचायत स्थित Pwmu प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का निरीक्षण किया गया जिसमें स्थापित बेलिंग, श्रेडिंग व एयर ब्लोअर मशीन का अवलोकन किया गया। साथ ही निर्देशित किया गया कि नगर पंचायत बीकेटी में स्थापित mrf केंद्र का भ्रमण कर वहां पर स्थापित मशीनों का अवलोकन कर अधिक क्षमता हेतु pwmu केंद्र को तैयार किए जाने पर विचार करने के निर्देश दिए गए।

उक्त के पश्चात जिलाधिकारी द्वारा ग्राम पंचायत कुम्हरावा में निर्मित RRC का निरीक्षण किया गया। जिसमें RRC के भीतर कूड़ा बहुत कम मात्रा में पाया गया जिस पर जिलाधिकारी द्वारा सचिव ग्राम पंचायत को निर्देशित किया गया कि प्रतिदिन ई रिक्शा के माध्यम से परिवारों व व्यावसायिक प्रतिष्ठान में कूड़ा उठान का कार्य किया जाए। सचिव ग्राम पंचायत द्वारा अवगत कराया गया कि ग्राम पंचायत में 01 ई रिक्शा के माध्यम से परिवारों में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का कार्य कराया जा रहा है। जिलाधिकारी द्वारा उप जिलाधिकारी बीकेटी को निर्देशित किया गया कि ग्राम पंचायत के 2- 3 मजरो में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन कार्य का सत्यापन कर अवगत कराया जाए। उक्त के अतिरिक्त सचिव ग्राम पंचायत को नोटिस जारी करने का निर्देश जिला पंचायतीराज अधिकारी को देते हुए तत्काल सभी परिवारों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से कूड़ा कलेक्शन का कार्य नियमित रूप में सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी बीकेटी, जिला पंचायत राज अधिकारी,खंड विकास अधिकारी बीकेटी उपस्थित रहे।
