अर्जुन रेड्डी और कॉमरेड सरीखी फिल्मों के जरिये दर्शकों में अपनी एक अलग पहचान बनाने वाले दक्षिण भारतीय सिनेमा के जाने माने सितारे विजय देवरकोंडा इन दिनों अपनी पहली हिन्दी फिल्म लाइगर की असफलता के चलते चर्चाओं को केन्द्र बन गए हैं। करण जौहर और पुरी जगन्नाथ द्वारा निर्मित इस फिल्म को लेकर दर्शकों का बेहतरीन उत्साह था लेकिन प्रदर्शन के पहले दिन के बाद ही सोशल मीडिया और माउथ पब्लिसिटी के नकारात्मक रवैये के चलते यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धराशाही हो गई। हालांकि प्रदर्शन से पूर्व निर्माताओं को पूरा भरोसा था कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन कारोबार करने में सफल होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। फिल्म की लगातार गिरती कमाई को देखने के बाद ट्रेड विश्लेषकों ने लाइगर को फ्लॉप बताया। लाइगर के फ्लॉप होने के बाद निर्माताओं और डिस्ट्रीब्यूटर्स को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। ऐसे में अब फिल्म के लीड एक्टर विजय देवरकोंडा ने भी दरियादिली दिखाते हुए अपनी फीस में से 6 करोड़ रुपये कम कर दिए हैं।
विजय देवरकोंडा और अनन्या पांडे स्टारर लाइगर की असफलता के बाद अभिनेता ने निर्माताओं को अपनी 6 करोड़ रुपये की फीस लौटने का फैसला किया है। फिल्म से हुए निर्माताओं के नुकसान से विजय देवरकोंडा भी निराश हैं। इसलिए उन्होंने इस नुकसान को कम करने के लिए ये कदम उठाया है। हालांकि आधिकारिक तौर पर कुछ भी अनाउंस नहीं किया गया है। यह सच है या झूठ ये बात अभी भी खुलकर सामने नहीं आई है लेकिन ट्विटर पर नेटिजन्स विजय देवरकोंडा की प्रशंसा कर रहे हैं। कई फैंस विजय को इंडस्ट्री का रियल हीरो बताया है। कई लोगों ने यह भी कहा कि कुछ ही समय में विजय एक बार फिर वापसी करेंगे।
पुरी जगन्नाध के निर्देशन में बनी इस फिल्म में विजय देवरकोंडा और अनन्या पांडे के अलावा माइक टायसन और राम्या कृष्णन जैसे कई कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। इस समय बॉक्स ऑफिस पर फिल्म के आंकड़े भी सामने आना बंद हो गए हैं। मीडिया रिपोट्र्स की मानें तो लाइगर के फ्लॉप होने के बाद विजय देवरकोंडा और पुरी जगन्नाध की आने वाली फिल्म जन गण मन भी ठंडे बस्ते में चली गई है। इस फिल्म में पूजा हेगड़े लीड रोल में नजर आने वाली थीं। हालांकि मेकर्स ने फिल्म के दो शेड्यूल पहले ही पूरे कर लिए हैं।