लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी सलमान रहमान खान को रेड नोटिस के जरिए रवांडा से भारत लाया गया

टॉप न्यूज़ देश

नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के ग्लोबल ऑपरेशन्स सेंटर ने नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) और इंटरपोल के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो – किगाली (रवांडा) के साथ समन्वय करके आतंकवाद से जुड़े मामलों में वांछित सलमान रहमान खान को भारत लाने में बड़ी सफलता हासिल की है। सलमान को 28 नवंबर 2024 को NIA की सुरक्षा टीम द्वारा रवांडा से भारत लाया गया। NIA ने सलमान रहमान खान के खिलाफ मामला संख्या RC28/2023/NIA/DLI दर्ज किया था। उस पर आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का सदस्य होने, आतंकवाद को समर्थन देने, और हथियार एवं विस्फोटक उपलब्ध कराने का आरोप है। यह मामला बेंगलुरु शहर में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हथियार और विस्फोटक सामग्री पहुंचाने से संबंधित है। इस मामले में हेब्बल पुलिस स्टेशन, बेंगलुरु में FIR 149/2023 भी दर्ज की गई थी।
CBI ने NIA के अनुरोध पर 2 अगस्त 2024 को सलमान के खिलाफ इंटरपोल से रेड नोटिस जारी कराया। यह नोटिस दुनिया भर की कानून प्रवर्तन एजेंसियों को भेजा गया, जिससे उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। इंटरपोल नेशनल सेंट्रल ब्यूरो – किगाली की मदद से सलमान को रवांडा में ट्रैक किया गया और उसे भारत लाया गया।
बता दें कि CBI जो भारत में INTERPOL का नेशनल सेंट्रल ब्यूरो है, देश की सभी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समन्वय करती है। 2021 से अब तक INTERPOL के जरिए 100 वांछित अपराधियों को भारत लाया गया है, जिसमें 2024 में अब तक 26 शामिल हैं। यह सफलता CBI और NIA की मजबूत अंतरराष्ट्रीय समन्वय और अपराधियों को कानून के दायरे में लाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
अन्य बड़े मामलों में भी सफलताः
हाल ही में, CBI ने दो और रेड नोटिस सब्जेक्ट्स को भारत लाने में सफलता हासिल की है। ये हैं- बरकत अली खान: यह आरोपी CBI के मामले RC 1(S)2012CBI/SCB/Mumbai में वांछित था। उस पर दंगे और विस्फोटक सामग्री के उपयोग का आरोप है। उसे 14 नवंबर 2024 को सऊदी अरब से भारत लाया गया।
रैहान अरबीक्कलालरिकल: यह आरोपी केरल पुलिस के मामले संख्या 331/2022 में नाबालिग के साथ दुष्कर्म और यौन शोषण के लिए वांछित था। उसे 10 नवंबर 2024 को सऊदी अरब से भारत लाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *