खालिस्तानी आतंकी पन्नू ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को दी जान से मारने की धमकी

देश

चंडीगढ़ : खालिस्तानी आतंकी की ओर से पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को जान से मारने की धमकी मिली है. सिख फॉर जस्टिस के संस्थापक गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भगवंत मान को जान से मारने की धमकी दी है. पन्नू ने 26 जनवरी को मुख्यमंत्री भगवंत मान पर हमला करने के लिए गैंगस्टर को साथ आने को कहा है. यही नहीं पंजाब के डीजीपी गौरव यादव को भी जान से मारने की धमकी दी गई है.

बता दें कि पिछले काफी समय से खालिस्तानी आतंकियों और गैंगस्टर पर हो रही कार्रवाई से पन्नू समेत अन्य गैंगस्टर और खालिस्तानी समर्थक बौखला गए हैं. मुख्यमंत्री भगवंत मान को दी गई धमकी को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है. फिलहाल पंजाब पुलिस ने गैंगस्टर और खालिस्तानी आतंकियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपना रखी है और बीते कुछ समय से ताबड़तोड़ एक्शन देखे जा रहे हैं.

खालिस्तानी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने एक सप्ताह पहले भी भारत सरकार को धमकी दी थी. ये धमकी 22 जनवरी को अयोध्या राम मंदिर के अभिषेक समारोह को लेकर दी गई थी. इस मामले में पन्नू ने मुस्लिम समुदाय से इस समारोह का विरोध करने का भी आग्रह किया था.

खुफिया सूत्रों के मुताबिक आतंकी पन्नू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘मुसलमानों का वैश्विक दुश्मन’ बताया था. उसने दावा किया कि यह मंदिर उन हजारों मुसलमानों के शवों पर बनाया गया है, जिनका जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *