मुंबई। बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा कैटरीना कैफ ने आखिरकार अपनी प्रेग्नेंसी की घोषणा कर दी है। शादी के करीब साढ़े तीन साल बाद एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर पति विक्की कौशल संग तस्वीर शेयर कर फैंस को यह खुशखबरी दी। तस्वीर में कटरीना अपने बेबी बंप को फ्लॉन्ट करती नजर आ रही हैं।
जैसे ही यह पोस्ट सामने आया, सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़ आ गई। फैंस ने उन्हें “सबसे खूबसूरत मॉम-टू-बी” बताया तो वहीं फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े दोस्तों और सितारों ने भी दंपत्ति को शुभकामनाएं दीं।
कैटरीना कैफ और विक्की कौशल ने दिसंबर 2021 में राजस्थान के सिक्स सेंस फोर्ट बड़वाड़ा पैलेस में शाही अंदाज़ में शादी रचाई थी। तब से ही उनके फैंस इस दिन का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। अब यह कपल जल्द ही अपने जीवन के नए सफर की शुरुआत करने जा रहा है।
इस खास मौके पर कैटरीना ने कैप्शन में लिखा – “खुशी और कृतज्ञता से भरे दिलों के साथ, अपने जीवन का सबसे अच्छा अध्याय शुरू करने की राह पर।”
