इजरायल ने लेबनान में बरसाए बम, 400 लोगों की गई जान, 83 बच्चे भी शामिल

विदेश

बेरूत : ईरान और इजरायल के बीच शुरू हुआ युद्ध अब लेबनान तक पहुंच गया है जिससे इजरायली हमलों में वहां भारी तबाही हुई है. लेबनान के स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार पिछले एक सप्ताह में इस संघर्ष में लगभग 400 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 83 बच्चे भी शामिल हैं. लगातार हो रही बमबारी और सैन्य कार्रवाई के कारण नागरिकों की जान जा रही है और बड़ी संख्या में लोग घायल भी हुए हैं.

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक इजरायली हमलों के कारण दक्षिणी लेबनान के कई इलाकों में भारी जानमाल का नुकसान हुआ है. अस्पतालों पर भी भारी दबाव है और राहत-बचाव कार्य जारी है. बच्चों समेत बड़ी संख्या में नागरिकों की मौत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है.

इजरायल ने फिर दी हमले की चेतावनी
इसी बीच इजरायली रक्षा बल (आईडीएफ) ने दक्षिणी लेबनान के निवासियों के लिए एक सख्त चेतावनी जारी की है. आईडीएफ ने कहा है कि हिज्बुल्लाह की गतिविधियों के कारण उन्हें इस इलाके में सैन्य कार्रवाई करनी पड़ रही है. सेना का कहना है कि उसका उद्देश्य आम नागरिकों को नुकसान पहुंचाना नहीं है, लेकिन क्षेत्र में जारी हमलों के कारण लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है.

आईडीएफ ने विशेष रूप से लितानी नदी के दक्षिण में रहने वाले लोगों से अपील की है कि वो अपने घर तुरंत खाली कर दें और उत्तर की ओर चले जाएं. सेना के अनुसार इस इलाके में हिज्बुल्लाह के ठिकानों और हथियारों को निशाना बनाकर हमले किए जा रहे हैं.

लितानी नदी के आसपास रहने वाले लोगों को ज्यादा खतरा

इजरायली सेना ने यह भी चेतावनी दी है कि जो लोग हिज्बुल्लाह के ठिकानों, उसके लड़ाकों या हथियारों के आसपास रहेंगे, उनकी जान को गंभीर खतरा हो सकता है. इसलिए लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित क्षेत्रों में पहुंचने की सलाह दी गई है.

सेना ने यह भी कहा कि लितानी नदी के दक्षिण में बने रहना लोगों और उनके परिवारों के लिए खतरनाक हो सकता है. इसके अलावा किसी भी व्यक्ति को दक्षिण की ओर जाने से भी बचने की चेतावनी दी गई है, क्योंकि वहां सैन्य अभियान जारी है.

लगातार बढ़ते हमलों और मौतों के आंकड़े ने क्षेत्र में तनाव को और बढ़ा दिया है. अंतरराष्ट्रीय समुदाय भी इस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *