नई दिल्ली : इजरायल ने शनिवार को ईरान पर बड़ा हमला किया. इजरायली सेना ने कहा कि उसने ईरान के मिलिट्री ठिकानों को निशाना बनाया और नष्ट कर दिया. इजरायली हवाई हमलों ने ईरान की मिसाइल प्रोडक्शन यूनिट को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है जो ईरान के लिए एक बहुत बड़ा झटका है.
Axios ने शनिवार को एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी का हवाला देते हुए इसकी जानकारी दी. रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार सुबह ईरान के खिलाफ इजरायल के हमलों ने ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल प्रोग्राम की एक महत्वपूर्ण यूनिट को पूरी तरह नष्ट कर दिया.
ध्वस्त किए 12 प्लेनेटरी मिक्सर
इजरायली सूत्रों ने आउटलेट को बताया कि इजरायल ने लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों के लिए ठोस ईंधन (Solid Fuel) का उत्पादन करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले 12 ‘प्लेनेटरी मिक्सर’ को ध्वस्त कर दिया, जो ईरान के मिसाइल शस्त्रागार का बड़ा हिस्सा बनाते हैं.
ये मिक्सर बेहद एडवांस्ड उपकरण हैं जिन्हें ईरान खुद नहीं बनाता बल्कि ये चीन से खरीदे जाते हैं. इन इंडस्ट्रियल मिक्सर को बनाना और इन्हें निर्यात करना बहुत कठिन है. ईरान ने पिछले कुछ वर्षों में भारी कीमत पर कई मिक्सर आयात किए हैं. इजरायल ने कहा कि उसके हमले ‘लक्षित और सटीक’ थे और उसका मकसद पूरा हो गया है.
