IPL नीलामी अपडेट:इन 6 खिलाड़ियों पर लग सकती है सबसे ज्यादा बोली..

स्पोर्ट्स

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 14वें सीजन के लिए नीलामी 18 फरवरी को चेन्नई में होगी। इसके लिए 292 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया जा चुका है, जिसमें 10 खिलाड़ियों की बेस प्राइज 2 करोड़ रुपए रखी गई है। इनमें स्टीव स्मिथ और ग्लेन मैक्सवेल के अलावा दो भारतीय हरभजन सिंह और केदार जाधव हैं। यह देखना रोचक होगा कि क्या इस बार कोई खिलाड़ी सबसे बड़ी बोली का रिकॉर्ड अपने नाम कर पाता है या नहीं। फिलहाल यह रिकॉर्ड 6 साल से युवराज सिंह के नाम है।

दिल्ली ने युवी को 16 करोड़ में खरीदा था
युवराज ने 2007 टी-20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के ओवर में 6 छक्के लगाए थे। उन्हें दिल्ली फ्रेंचाइजी ने 2015 सीजन के लिए सबसे ज्यादा 16 करोड़ रुपए की बोली लगाकर खरीदा था। युवी सीजन में कुछ खास नहीं कर सके थे। उन्होंने 14 मैच में 248 रन बनाए और एक विकेट लिया था। हालांकि, युवी का नीलामी का रिकॉर्ड अब तक कोई नहीं तोड़ सका है।

सबसे महंगे विदेशी प्लेयर कमिंस
युवराज पर बड़ी बोली लगने के 5 साल बाद 2020 सीजन के लिए IPL की नीलामी में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस रिकॉर्ड तोड़ने के काफी करीब पहुंच गए थे। उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स फ्रेंचाइजी ने 15.50 करोड़ रुपए में खरीदा था। उस सीजन के सबसे महंगे प्लेयर रहे कमिंस युवी का रिकॉर्ड तो नहीं तोड़ सके थे, लेकिन वे सबसे महंगे विदेशी प्लेयर जरूर बन गए। उनका यह रिकॉर्ड अब भी कायम है।

2 करोड़ बेस प्राइस वाले स्लॉट में इंग्लैंड के 5 प्लेयर
2 करोड़ रुपए बेस प्राइस वाले प्लेयर्स में भारत के हरभजन सिंह और केदार जाधव शामिल हैं। इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलियाई प्लेयर ग्लेन मैक्सवेल और स्टीव स्मिथ भी हैं। इंग्लैंड के सबसे ज्यादा 5 खिलाड़ियों मोइन अली, सैम बिलिंग्स, लियाम प्लंकेट, जेसन रॉय और मार्क वुड को लिस्ट में जगह मिली। एक नाम बांग्लादेश के ऑलराउंडर शाकिब अल हसन का भी है।​​​​​​

इन 6 खिलाड़ियों पर लग सकती है सबसे ज्यादा बोली…

  • ग्लेन मैक्सवेल: बेस प्राइज 2 करोड़ रुपए
  • किंग्स इलेवन पंजाब के प्लेयर रहे मैक्सवेल की कीमत पिछले सीजन में 10.75 करोड़ रुपए थी। उन्होंने सीजन के 11 मैच में सिर्फ 13.18 की औसत से 145 रन बनाए थे। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग में उनका बल्ला जमकर चला था। मौजूदा सीजन में उन्होंने 14 मैच में 31.58 की औसत से 379 रन बनाए थे।
  • शाकिब अल हसन: बेस प्राइज 2 करोड़ रुपए बांग्लादेशी प्लेयर शाकिब अल हसन ICC के ऑलराउंडर की टी-20 वर्ल्ड रैंकिंग में 5वें नंबर पर काबिज हैं। इस लेफ्ट-ऑर्म स्पिनर पर इस बार सभी फ्रेंचाइजियां जमकर पैसा लुटा सकती हैं। शाकिब बल्लेबाजी में भी मिडिल ऑर्डर को मजबूती देते हैं। उन्होंने IPL में अब तक 63 मैच में 746 रन बनाए हैं। साथ ही 59 विकेट भी लिए हैं।
  • एलेक्स हेल्स: बेस प्राइज 1.50 करोड़ रुपए
  • इंग्लैंड के बल्लेबाज एलेक्स हेल्स की बेस प्राइज 1.50 करोड़ रुपए है। उन्होंने मौजूदा बिग बैश लीग में 15 में सबसे ज्यादा 543 रन बनाए थे। उन्होंने एक शतक भी जड़ा था। उन्होंने सबसे ज्यादा 30 सिक्स भी जड़े थे।
  • स्टीव स्मिथ: बेस प्राइज 2 करोड़ रुपए स्मिथ राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रह चुके हैं, जिनकी कीमत 12.5 करोड़ रुपए थी। टीम ने इस बार उन्हें रिलीज कर दिया। 13वें सीजन में स्मिथ ने 14 मैच में 26.63 की औसत से 293 रन बनाए थे। टूर्नामेंट के बाद वे भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज में 2 वनडे और एक टेस्ट शतक भी लगा चुके हैं।
  • मोहम्मद अजहरुद्दीन: बेस प्राइज 20 लाख रुपए भारतीय युवा विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद अजहरुद्दीन ने हाल ही में सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट में 37 बॉल पर शतक जड़ा था। यह टूर्नामेंट इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक रहा। केरल के बल्लेबाज ने 5 मैच में 195 की स्ट्राइक रेट से 214 रन बनाए। 158 रन बाउंड्री से लिए। एक शतक जड़ा। करियर के 24 टी-20 में 23 की औसत से 451 रन बना चुके। स्ट्राइक रेट 142 का रहा।
  • शिवम दुबे: बेस प्राइज 50 लाख रुपए IPL में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की ओर से खेल चुके ऑलराउंडर शिवम दुबे ने 15 लीग में मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 16.9 की औसत से 169 रन बनाए हैं। इस राइट-आर्म मिडियम फास्ट बॉलर ने लीग में अब तक 4 विकेट भी लिए हैं। पिछले सीजन में RCB ने उन्हें 5 करोड़ रुपए में खरीदा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *