IND vs NAM : भारतीय टीम की नामीबिया पर बड़ी जीत, हार्दिक पंड्या-ईशान किशन के बल्ले से रनों की बौछार

स्पोर्ट्स

नई दिल्ली : आईसीसी मेन्स टी20 विश्व कप 2026 के मैच नंबर-18 में गुरुवार (12 फरवरी) को भारतीय टीम का सामना नामीबिया से हुआ. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में हुए ग्रुप-ए के इस मुकाबले में भारतीय टीम ने 93 रनों से शानदार जीत हासिल की. भारत ने इस मुकाबले में नामीबिया को जीत के लिए 210 रनों का टारगेट दिया था.

डिफेंडिंग चैम्पियन भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अपने अभियान का आगाज यूएसए (संयुक्त राज्य अमेरिका) के खिलाफ 29 रनों की जीत के साथ किया था. वहीं नामीबिया को अपने पहले मैच में नीदरलैंड्स के हाथोों सात विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी थी. भारत-नामीबिया मैच से जुड़े अपडेट्स के लिए इस पेज को रिफ्रेश करते रहिए….

रनचेज में नामीबिया की शुरुआत उतनी अच्छी नहीं रही. उसने चौथे ही ओवर में जान फ्राइलिंक का विकेट गंवा दिया, जो 22 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद और जान निकोल लॉफ्टी-ईटन ने मिलकर 34 रन जोड़े. मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने लॉरेन स्टीनकैंप (29 रन) को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा. वरुण यहीं नहीं रुके और एक ही ओवर में दो विकेट झटके. उन्होंने जान निकोल लॉफ्टी-ईटन (13 रन) और जेजे स्मिट (0 रन) को पवेलियन भेजा.

नामीबिया को इसके बाद कप्तान गेरहार्ड इरास्मस (18 रन) के रूप में पांचवां झटका लगा, जो अक्षर पटेल का शिकार बने. अक्षर ने इसके बाद मलान क्रूगर (5 रन) को आउट कर भारतीय टीम को छठी सफलता दिलाई. बुमराह ने भी विकेट कॉलम में अपना नाम दर्ज कराया, जब उन्होंने रूबने ट्रम्पेलमैन (6 रन) को बोल्ड किया.

ईशान-हार्दिक ने जड़े अर्धशतक
टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 9 विकेट पर 209 रन बनाए. भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और उसने संजू सैमसन का विकेट सस्ते में गंवा दिया. संजू ने तीन छक्के और एक चौके की मदद से 8 बॉल पर 22 रनों का योगदान दिया. संजू का विकेट बेन शिकोंगो ने लिया. यहां से ईशान किशन और तिलक वर्मा ने दूसरे विकेट के लिए 79 रनों की साझेदारी की. ईशान ने सिर्फ 20 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी कर ली, जिसमें 5 चौके और चार छक्के शामिल रहे.

छठे ओवर में जेजे स्मिट्स के खिलाफ ईशान किशन ने लगातार चार छक्के लगाए और कुल 28 रन बटोरे. ईशान ने कुल मिलाकर 6 चौके और पांच छक्के की मदद से 24 गेंदों पर 61 रन बनाए. ईशान ने तो तूफानी पारी खेली, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने निराश किया. सूर्या ने 12 और तिलक ने 25 रन बनाए. तिलक के आउट होने के समय भारत का स्कोर 124/4 था.

यहां से हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 81 रन जोड़कर भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाया. हार्दिक ने 4 छक्के और चार चौके की मदद से 28 बॉल पर 52 रन बनाए. हार्दिक ने इस दौरान 27 बॉल पर अपनी फिफ्टी पूरी की. वहीं शिवम दुबे ने 23 रनों का योगदान दिया. दोनों बल्लेबाज 19वें ओवर में आउट हुए. गेरहार्ड इरास्मस ने उस ओवर में अक्षर पटेल को भी 0 के निजी स्कोर पर चलता किया.

भारतीय टीम ने इसके बाद आखिरी ओवर में रिंकू सिंह (1 रन) और अर्शदीप सिंह (2 रन) के विकेट खोए. देखा जाए तो भारतीय टीम ने आखिरी दो ओवरों में सिर्फ 10 रन बनाए और उसके 5 विकेट गिरे. नामीबियाई कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इस मुकाबले में चार विकेट झटके. बर्नार्ड शोल्ट्ज, बेन शिकोंगो और जेजे स्मिट को एक-एक सफलता हासिल हुई.

इस मुकाबले के लिए भारतीय टीम ने अपनी प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए. सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पूरी तरह स्वस्थ नहीं थे और उनकी जगह संजू सैमसन को ओपनिंग करने का मौका मिला. वहीं अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने राइट आर्म पेसर मोहम्मद सिराज की जगह ली.

मुकाबले में भारत की प्लेइंग-11: संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह.

मुकाबले में नामीबिया की प्लेइंग-11: लॉरेन स्टीनकैंप, जान फ्राइलिंक, जान निकोल लॉफ्टी-ईटन, गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), जेजे स्मिट, जेन ग्रीन (विकेटकीपर), रूबेन ट्रम्पेलमैन, मलान क्रूगर, बर्नार्ड शोल्ट्ज, बेन शिकोंगो और मैक्स हेंगो.

भारत और नामीबिया के बीच इससे पहले सिर्फ एक टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला गया था. वो मुकाबला आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2021 के दौरान हुआ था. तब भारतीय टीम ने दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में नामीबिया को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *