नई दिल्ली : पाकिस्तान ने एक बार फिर अफगानिस्तान के काबुल में एयरस्ट्राइक की है. पाकिस्तान ने सोमवार को अंधेरी रात में काबूल पर हवाई हमला किया. इस हवाई हमले में काबुल के अस्पताल में लाशें बिछ गईं. पाकिस्तान के इस हमले को भारत ने कायरना हरकत बताया है. भारत ने मंगलवार को काबुल अस्पताल पर हवाई हमलों के लिए पाकिस्तान को जमकर लताड़ लगाई. भारत ने पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक को एक कायरतापूर्ण और अविवेकपूर्ण कृत्य बताया, जिसमें आम नागरिकों को निशाना बनाया गया.
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कड़े शब्दों में पाकिस्तानी एक्शन की निंदा की. अपने बयान में कहा कि नशा मुक्ति केंद्र ओमिद एडिक्शन ट्रीटमेंट हॉस्पिटल पर किया गया यह हमला किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता. विदेश मंत्रालय ने इसे बर्बर, कायराना और अक्षम्य हिंसा बताया. भारत ने आरोप लगाया कि यह हमला ‘लापरवाह व्यवहार’ का हिस्सा है. इससे लगता है कि पाकिस्तान सीमा पार आक्रामकता के जरिए अपने आंतरिक संकटों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहा है.
पाक अटैक में 400 लोगों की मौत
वहीं, अफगान अधिकारियों का कहना है कि पाकिस्तान के इस टारगेटेड हमले में करीब 400 लोगों की मौत हुई है और लगभग 250 लोग घायल हुए हैं. भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘यह आम नागरिकों के खिलाफ बर्बर हिंसा है, जो किसी भी तरह से वैध सैन्य टारगेट नहीं हो सकता.’ मंत्रालय ने इस्लामाबाद पर ‘नरसंहार को सैन्य कार्रवाई के रूप में पेश करने’ का आरोप लगाया.
नई दिल्ली ने पाक को चेताया
नई दिल्ली ने इस घटना को अफगानिस्तान की संप्रभुता का गंभीर उल्लंघन बताया और चेतावनी दी कि ऐसे कदम क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए सीधा खतरा हैं. भारत ने रमजान के पवित्र महीने में हुए इस हमले की टाइमिंग पर भी सवाल उठाए. साथ ही इसे बेहद चिंताजनक बताया. भारत के बयान में कहा गया, ‘कोई भी धर्म या नैतिकता अस्पताल और उसके मरीजों को जानबूझकर निशाना बनाने को सही नहीं ठहरा सकती.’
भारत ने दुनिया से की अपील
भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि जिम्मेदार लोगों को सजा दिलाई जाए और आम नागरिकों पर हमले तुरंत रोके जाएं. भारत ने पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना भी जताई और अफगानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपना समर्थन दोहराया.
पाकिस्तान ने आरोपों से किया इनकार
यह निंदा ऐसे समय में आई है, जब अफगान अधिकारियों ने पाकिस्तान पर इस हमले का आरोप लगाया है, जिससे अस्पताल का बड़ा हिस्सा तबाह हो गया. सोमवार देर रात काबुल के कई इलाकों में धमाकों की खबरें आईं और शहर के कई हिस्सों से घना धुआं उठता देखा गया. पाकिस्तान ने नागरिक ढांचे को निशाना बनाने से इनकार किया है और कहा है कि उसकी हवाई कार्रवाई केवल आतंकवादी और सैन्य ठिकानों पर केंद्रित थी.
