लखनऊ : भारत-साउथ अफ्रीका के बीच 5 मैचौं की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला बुधवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होना था. लेकिन घने कोहरे के चलते टॉस नहीं हो सका और आखिरकार मैच को रद्द करना पड़ा. अब सीरीज का आखिरी मैच 19 दिसंबर को अहमदाबाद में खेला जाएगा.
टॉस का समय 6.30 बजे था. लेकिन भयानक कोहरे के चलते टॉस में देरी हुई. इसके बाद 9.30 तक मैच को कराने की कोशिश की गई. लेकिन कोहरा बढ़ता ही गया. 6 बार अंपायर मैदान में पहुंचे और उन्होंने मैच शुरू कराने की संभावना तलाशी. राजीव शुक्ला भी मैदान पर पहुंचे. लेकिन 3.30 घंटे की कोशिश के बाद भी मैच नहीं शुरू हो सका. टीम इंडिया सीरीज में 2-1 से आगे है. अब अहमदाबाद में होने वाला मैच सीरीज के लिहाज से अहम होगा.
वर्ल्ड कप से पहले अब केवल 6 मैच
टी20 विश्व कप में अब दो महीने से भी कम समय बचा है. 7 फरवरी से विश्वकप का अभियान शुरू हो जाएगा. इससे पहले टीम इंडिया को अब केवल 6 टी20 मैच खेलने हैं. एक मैच साउथ अफ्रीका के खिलाफ और बाकी 5 मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ. ऐसे में ये मैच रद्द होना, टी20 विश्वकप की तैयारियों के लिहाज से भी एक बड़ा झटका है.
गिल भी हुए इंजर्ड
इस मैच के रद्द होने के साथ ही भारत के लिए एक और बुरी खबर लखनऊ से आई. टीम के उपकप्तान और खराब फॉर्म से जूझ रहे शुभमन गिल फिर से इंजर्ड हुए हैं. उन्हें पैर में चोट लगी है. एक महीने में ये दूसरी बार है जब गिल इंजर्ड हुए हैं. इससे पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट में उन्हें गले में चोट लगी थी. जिसके चलते वह टेस्ट और वनडे सीरीज से बाहर हो गए थे. टी20 सीरीज में उनकी वापसी हुई थी. लेकिन बल्ला खामोश ही रहा.
