आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त द्वारा आहूत की गई एक महत्वपूर्ण बैठक

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

13 अक्टूबर 2025 लखनऊ। आज एनआईसी सभागार में जिलाधिकारी श्री विशाख जी0 एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) श्री बबलू कुमार की अध्यक्षता में आगामी दीपावली और छठ पूजा पर्व के दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई।

बैठक में सर्वप्रथम जिलाधिकारी द्वारा छठ पूजा एवं दीपावली के पर्व के दृष्टिगत नगर निगम द्वारा की जाने वाली व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी मांगी गई। जिसके सम्बन्ध में नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार द्वारा अवगत कराया गया कि दीपावली के दृष्टिगत नगरीय क्षेत्रों में साफ सफाई, पर्याप्त मार्ग प्रकाश व्यवस्था, इलेक्ट्रिक पोल्स पर स्पाइरल लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित कराने हेतु टीमें गठित करते हुए अभियान के रूप में कार्य कराया जा रहा है। उक्त के अतिरिक्त लोहिया पथ और नगर निगम के चौराहों आदि में फैंसी लाइटिंग के द्वारा सजावट कराई जा रहीं है। उक्त के अतिरिक्त छठ पूजा के दृष्टिगत नगर निगम क्षेत्र के सभी घाटों पर साफ सफाई, घाटों की मरम्मत आदि के लिए टीमें बनाते हुए कार्य किया जा रहा है।

बैठक में जिलाधिकारी द्वारा समस्त उप जिलाधिकारियों, समस्त अपर नगर मजिस्ट्रेट और अपर जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि नगर निगम क्षेत्र में जोनल अधिकारी के साथ और ग्रामीण क्षेत्रों में खंड विकास अधिकारी अथवा ईओ नगर पंचायत के साथ अपने अपने क्षेत्रों में स्थित घाटों पर साफ सफाई और सुरक्षात्मक बैरिकेडिंग व्यवस्था सुनिश्चित कराने हेतु निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कराया जाए। बैठक में उपस्थित अधिकारियों द्वारा अपने अपने क्षेत्रवार घाटों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं के बारे में जिलाधिकारी को जानकारी उपलब्ध कराते हुए विचार विमर्श किया गया। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि छठ पूजा के दृष्टिगत सभी घाटों पर गोताखोरों की व्यवस्था, सुरक्षात्मक बैरिकेडिंग की व्यवस्था और नावों की व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में जिलाधिकारी द्वारा विद्युत विभाग को दीपावली और छठ पूजा के पर्व के दृष्टिगत निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में विद्युत विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि आगामी त्योहारों के दृष्टिगत मेंटिनेंस का कार्य कराया जा रहा है और आकस्मिक फॉल्ट के त्वरित निस्तारण हेतु 24×7 टीमों का गठन किया जा चुका है। उक्त के बाद बैठक में जिलाधिकारी द्वारा अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा को निर्देशित किया गया कि त्योहारों के दृष्टिगत ओवर प्राइसिंग और मिलावटी खाद्य पदार्थों के विक्रय पर पूर्णतया रोक लगाने हेतु अभियान चलते हुए सैंपलिंग कराने के निर्देश दिए गए। उक्त के अतिरिक्त अग्नि सुरक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि त्योहारों के दृष्टिगत सार्वजनिक स्थलों पर अग्निशमन दलों की तैनाती करना सुनिश्चित किया जाए। जिसके सम्बन्ध में विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि त्योहारों के दृष्टिगत 46 अग्निशमन वाहनों की तैनाती धनतेरस के दिन से करने के लिए रोस्टर बना दिया गया है।

बैठक के दौरान संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) द्वारा धनतेरस और दीपावली पर्व के समय मार्केटों में विशेष ध्यान रखते हुए सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित कराने हेतु अभी से ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान बनाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पिछले 5 सालों में जिनके विरुद्ध खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा वैधानिक कार्यवाहीं की गई है। उनकी विशेष रूप से सैंपलिंग कराना सुनिश्चित किया जाए। उक्त के अतिरिक्त निर्देश दिए गए कि परंपरागत लोकेशन पर ही पटाखों की बिक्री हेतु अस्थाई लाइसेंस देना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिन क्षेत्रों में बिक्री को प्रतिबंधित किया गया है, वहां पर कदापि दुकानों को न लगने दिया जाए।

उक्त बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त, अपर जिलाधिकारी नगर पूर्वी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी ट्रांस गोमती, अपर नगर आयुक्त, डीसीपी, ट्रैफिक, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त अपर नगर मजिस्ट्रेट, नगर मजिस्ट्रेट, जिला पंचायतीराज अधिकारी, लोक निर्माण विभाग, अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *