महोबा में मंत्री स्वतंत्र देव का BJP विधायक ने रोका काफिला, सरेआम हुई नोकझोंक

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

महोबा : यूपी के महोबा जिले में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के कार्यक्रम के दौरान उस समय भारी बवाल हो गया, जब बीजेपी विधायक ब्रजभूषण राजपूत और उनके समर्थक जल आपूर्ति की समस्या को लेकर उग्र हो गए. चरखारी विधायक कई गांवों में पानी न पहुंचने और पाइपलाइन के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत न होने से लंबे समय से नाराज थे.

आज जब मंत्री स्वतंत्र देव सिंह महोबा पहुंचे, तो विधायक और उनके समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा. इस दौरान मंत्री और विधायक के समर्थकों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई, जिससे मौके पर जमकर नारेबाजी हुई.

विवाद बढ़ता देख मंत्री स्वतंत्र देव सिंह विधायक को लेकर खुद डीएम कार्यालय पहुंचे, जहां सभी ग्राम प्रधानों के साथ बैठक की गई. विधायक का आरोप है कि गांवों में पानी की भीषण किल्लत है और सड़कों की बदहाली से जनता त्रस्त है. इस हाई-प्रोफाइल विवाद ने प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है.

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को महोबा में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के काफिले को बीजेपी विधायक ब्रजभूषण राजपूत और 100 ग्राम प्रधानों ने बीच रास्ते रोक लिया. जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों की बदहाली और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर विधायक ने कड़ा विरोध जताया. इस दौरान विधायक समर्थकों की पुलिस अधिकारियों से झड़प हुई, जिससे अफरातफरी की स्थिति बन गई. रामश्री महाविद्यालय के पास हुई इस तीखी कहासुनी ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *