प्रदेश में काम करते तो बाहर से मंत्रियों को न बुलाना पड़ता, भाजपा के महाजनसंपर्क अभियान पर अखिलेश यादव का तंज

उत्तर प्रदेश कानपूर गोरखपुर राज्य लखनऊ वाराणसी शहर

लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने की ख़ुशी में 30 मई से महाजनसंपर्क अभियान शुरू होगा। इस अभियान को सफल बनाने के लिए केन्द्रीय मंत्रियों सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग लोकसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस पर तंज कसते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि यह महाजनसंपर्क अभियान बता रहा है कि भाजपा का गांव-गरीब से सम्पर्क टूट चुका है। अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कि, ‘‘उप्र में भाजपा के सांसदों और विधायकों ने काम किया होता तो भाजपा को अपने महा जनसम्पर्क अभियान के लिए बाहर से मंत्रियों को न बुलाना पड़ता। भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ता भी इसलिए निराश व निष्क्रिय हैं। ये महा जनसंपर्क अभियान बता रहा है कि भाजपा का गाँव-गरीब से सम्पर्क टूट चुका है।”

भाजपा मुख्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अभियान की सफलता के लिए पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक अभियान की तैयारियों को लेकर अनवरत समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दे रहे हैं। भाजपा की प्रदेश इकाई के महामंत्री संजय राय ने बताया कि केन्द्रीय ऊर्जा, नवीन एवं नवीनीकरण ऊर्जा मंत्री आर.के. सिंह कानपुर, अकबरपुर, जालौन तथा झांसी लोकसभा क्षेत्र के समूह प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। इनके साथ सांसद व गुजरात के प्रदेश महामंत्री विनोद चावड़ा भी रहेंगे।

केन्द्रीय विदेश, संस्कृति, राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद तथा एटा लोकसभा क्षेत्र के समूह प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभालेगी। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मोहन यादव सीतापुर, बहराइच, कैसरगंज तथा गोण्डा लोकसभा क्षेत्र के समूह प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभालेगें। सांसद मनोज तिवारी उन्नाव, मोहनलालगंज, लखनऊ तथा बाराबंकी लोकसभा क्षेत्रों के समूह प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभालेगें। भाजपा ने व्यापक कार्यक्रम बनाया है और इसके लिए अलग-अलग लोगों को जिम्मेदारी सौंपी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *