लखनऊ में खौफनाक वारदात, ससुराल वालों ने दामाद को उतारा मौत के घाट

अपराध उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि ससुराल वालों ने ही अपने दामाद की जान ले ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। जानकारी के मुताबिक, मृतक का नाम विष्णु यादव है, जिसकी उम्र करीब 30 साल बताई जा रही है। वह प्रतापगढ़ जिले का रहने वाला था और किसी काम से मंगलवार को अपने ससुराल, जो आशियाना थाना क्षेत्र में आया हुआ था। बताया जा रहा है कि ससुराल पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर उनका अपने ससुराल पक्ष के लोगों से विवाद हो गया। शुरुआत में यह मामला सामान्य कहासुनी का था, लेकिन धीरे-धीरे बहस इतनी बढ़ गई कि बात हाथापाई तक पहुंच गई। इसी दौरान गुस्से में आकर ससुराल वालों ने विष्णु यादव के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। चोट इतनी गंभीर थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना की सूचना डायल 112 के जरिए पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम ने वहां से जरूरी साक्ष्य इकट्ठा किए हैं, ताकि मामले की सही जांच हो सके।
फिलहाल पुलिस ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि झगड़े की असली वजह क्या थी। साथ ही, इस घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे, इसकी भी जांच की जा रही है। मृतक के परिवार वालों को भी इस घटना की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद परिवार में मातम का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *