लखनऊ : शुक्रवार 6 दिसंबर को बाबरी विध्वंस की बरसी पर यूपी पुलिस हाई अलर्ट पर है. आज के ही दिन बाबरी विध्वंस मस्जिद को ढहा दिया गया था. सुरक्षा चाक चौबंद रखने के लिए अयोध्या, वाराणसी, मथुरा, आगरा, संभल, कानपुर और लखनऊ समेत राज्य के 26 संवेदनशील जिलों में पुलिस टीम को अलर्ट पर रखा गया है.
दरअसल आज जुमे की नमाज है. साथ ही बाबरी विध्वंस की 32वीं बरसी भी. ऐसे में किसी तरह का माहौल न बिगड़ने पाए इसके लिए पुलिस के साथ प्रसाशन को भी अलर्ट कर दिया गया है. खबर है कि मथुरा स्थित शाही ईदगाह में हिंदू संगठनों ने जलाभिषेक की अपील की है, जिसके चलते यहां हजारों की संख्या में पुलिस सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है.
दो दिन पहले राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संभल हिंसा को लेकर जरूरी समीक्षा के निर्देश दिए थे. सीएम ने कहा था कि चाहे कोई भी दिन हो, कैसे भी हालात हों किसी तरह का बवाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने राज्य पुलिस को निर्देश दिया था कि वे उपद्रवियों से सख्ती से निपटें. इस बीच राज्य के सभी धार्मिक और सार्वजनिक प्रतिष्ठानों पर भी विशेष सतर्कता बरतने को का गया है.
संभल में आरएएफ-पीएसी की तैनाती
6 दिसंबर की तैयारियों के बारे में एसपी ने कहा, “संभल जिला पूरी तरह से तैयार है. आरएएफ की एक कंपनी, पीएसी की 9 कंपनियां और अतिरिक्त आरआरएफ कर्मियों को तैनात किया गया है. यह सुनिश्चित करने के लिए कि दिन शांतिपूर्ण तरीके से गुजरे, पुलिस हर कोने पर तैनात रहेगी.”
