लखनऊ, दिनांक 24 नवम्बर, 2025 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशाख जी0 द्वारा विधानसभा-175 कैंटोनमेंट के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण करते हुए गणना प्रपत्रों का कलेक्शन और फीडिंग की प्रगति का जायज़ा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने रेलवे हायर सेकेंड्री स्कूल फतेह अली तलब के बूथ, ए पी सेन मेमोरियल कॉलेज के बूथ संख्या 227 का स्थलीय निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। तत्पश्चात उन्होंने ए पी सेन रोड स्थित हर्षिता अपार्टमेंट के बूथ संख्या 228 का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) द्वारा अवगत कराया की एन्यूमिरेशन फॉर्म का वितरण पूरा किया जा चुका है। मतदाताओं द्वारा विधिवत रूप से भरे गए गणना प्रपत्र को बीएलओ के पास वापस जमा करने की प्रक्रिया चल रही है। जमा किए जा रहे फॉर्म का डिजिटाइजेशन कार्य भी बीएलओ द्वारा समानांतर रूप से किया जा रहा है।

बीएलओ को निर्देश दिया गया है कि वे फॉर्म भरने में मतदाताओं को आने वाली किसी भी शंका या संदेह का तत्काल समाधान करें। ईआरओ, एईआरओ, सुपरवाइज़र्स, और समस्त बीएलओ सहित सभी अधिकारीगण इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए लगातार भ्रमणशील हैं। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 4 दिसंबर की समय सीमा के भीतर सभी गणना प्रपत्र का डिजिटाइजेशन पूरा करने का लक्ष्य है। समस्त मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने गणना प्रपत्र को जल्द से जल्द भरकर अपने संबंधित बीएलओ के पास जमा कर दें।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ से गणना प्रपत्रों के कलेक्शन की स्थिति, मतदाताओं से संपर्क की प्रगति तथा मोबाइल एप के माध्यम से की जा रही फीडिंग की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि गणना प्रपत्र दिनांक 04 दिसम्बर, 2025 से पूर्व संकलित कर लिए जाएं।
उक्त के पश्चात जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा देर शाम गणना प्रपत्रों की डिजिटाइजेशन हेतु स्थापित किए गए इलेक्शन वार रूम/फीडिंग सेंटर का औचक निरीक्षण किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अपने निरीक्षण की शुरुआत हुसैनाबाद स्थित पिक्चर गैलेरी में बनाए गए इलेक्शन वार रूम/फीडिंग सेंटर से की। वार रूम में पहुंचकर उन्होंने गणना प्रपत्रों की फीडिंग की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की और मौजूद अधिकारियों को कार्य की गति बनाए रखने के निर्देश दिए।
उक्त के पश्चात जिलाधिकारी द्वारा शिया पीजी कॉलेज, आई.ई.टी. जानकीपुरम, आई.टी.आई. अलीगंज एवं बीआरसी विकास भवन स्थित इलेक्शन वार रूम/फीडिंग सेंटरों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बीएलओ एवं उनके सहयोग के लिए तैनात सहायकों द्वारा डिजिटाइजेशन का कार्य किया जाना पाया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि गणना प्रपत्रों की फीडिंग को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने के लिए विधानसभावार इलेक्शन वार रूम स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक वार रूम में एक-एक प्रभारी अधिकारी की नियुक्ति की गई है, जो फीडिंग कार्यों की सतत मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
जिलाधिकारी ने सभी बीएलओ एवं सहायकों को फीडिंग कार्य को समयबद्ध रूप में पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सहयोग एवं पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने को कहा।
