देश को आजाद करवाने वाले के विद्यालय पर शिक्षा माफियाओं का है अवैध कब्जा– मोहनीश त्रिवेदी

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

आज दिनांक 26 जनवरी 2026 को देश के 77 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर रामपाल त्रिवेदी सेवा संस्थान द्वारा गोसाईगंज स्थित रामपाल त्रिवेदी इंटर कॉलेज में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व विधायक स्व पंडित रामपाल त्रिवेदी जी की प्रतिमा व समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित कर के श्रद्धांजलि अर्पित की गई एवं देश की आजादी में उनके महत्वपूर्ण योगदान को याद किया गया। इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष व स्व त्रिवेदी जी के प्रपौत्र मोहनीश त्रिवेदी ने अपने बाबा को याद करते हुए बताया कि बाबा जी ने अपनी जवानी के 12 वर्ष अंग्रेजों की जेलों में काटे व उनकी यातनाएं सही। देश की आजादी के बाद वह मलिहाबाद से प्रथम बार विधायक बने तथा 25 वर्षों तक मलिहाबाद व बीकेटी से अजेय विधायक रहे। उन्होंने गोसाईगंज में गरीब बच्चों की शिक्षा हेतु एक विद्यालय बनवाया जिस पर शिक्षा विभाग की साठगांठ से आज कुछ शिक्षा माफियाओं का अवैध कब्जा है जिस कारण बाबा जी के द्वारा बनाए गए विद्यालय उनकी प्रतिमा व समाधि स्थल का बहुत ही बुरा हाल हो गया है। श्री त्रिवेदी ने बताया कि अवैध प्रबंधतंत्र लगातार विद्यालय की परिसंपत्ति को लूटने का कार्य कर रहा है जिसके विरुद्ध संस्था लगातार हर मोर्चे पर लड़ने का कार्य कर रही है। वही संस्था के महासचिव अधिवक्ता आशीष त्रिवेदी ने बताया कि उनके बाबा का काकोरी कांड में अंग्रेजों के खिलाफ योगदान रहा साथ ही कलकत्ता अधिवेशन में भी जब वो लखनऊ का प्रतिनिधित्व करने पहुंचे तो उन्हें स्टेशन से ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आशीष ने कहा कि विद्यालय के अवैध प्रबंधतंत्र के विरुद्ध न्यायिक एवं सामाजिक संघर्ष अपने अंतिम पायदान पर है जल्दी ही बाबा जी का विद्यालय शिक्षा माफियाओं से आजाद हो जाएगा। इस मौके पर स्व त्रिवेदी जी के प्रपौत्र धीरज त्रिवेदी,मानस त्रिवेदी,अधिवक्ता विवेक पांडे अनुज श्रीवास्तव, अधिवक्ता सुधार कुमार श्रीवास्तव ,सोनू मिश्र, सौरभ मिश्रा,पवन प्रजापति मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *