मास्को। रूस के कजान शहर में शनिवार सुबह हुए हमले ने अमेरिका के 9/11 जैसी भयावह यादों को ताजा कर दिया। खबरों के मुताबिक, कजान में 8 ड्रोन हमले किए गए, जिनमें से 6 रिहायशी इमारतों को निशाना बनाया गया। यह हमला मॉस्को से 800 किलोमीटर दूर हुआ। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन हमले ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।
ड्रोन हमले के बाद एयरपोर्ट्स बंद
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में ड्रोन इमारतों से टकराते हुए दिखाई दे रहे हैं। हमलों के तुरंत बाद कजान और आसपास के दो बड़े एयरपोर्ट्स को बंद कर दिया गया। कजान एयरपोर्ट पर सभी उड़ानें रोक दी गईं।
अमेरिका के 9/11 की याद
2001 में अमेरिका में हुए 9/11 आतंकी हमले की तस्वीरें एक बार फिर लोगों की आंखों के सामने घूमने लगीं। उस समय आतंकियों ने 4 प्लेन हाईजैक कर अमेरिका की महत्वपूर्ण इमारतों को निशाना बनाया था। वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के दोनों टावर इन हमलों में धराशायी हो गए थे।
चार महीने पहले भी हुआ था ऐसा हमला
यह पहली बार नहीं है जब रूस को ऐसे हमलों का सामना करना पड़ा है। चार महीने पहले यूक्रेन ने सारातोव शहर की 38 मंजिला रिहायशी इमारत वोल्गा स्काई को ड्रोन से निशाना बनाया था। उस हमले में 4 लोग घायल हुए थे। जवाब में रूस ने यूक्रेन पर 100 मिसाइल और ड्रोन दागे थे, जिससे 6 लोगों की मौत और 150 से ज्यादा घायल हुए थे।
पुतिन की शांति की पेशकश और फिर हमला
दिलचस्प बात यह है कि हमले से दो दिन पहले ही रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा था कि वे यूक्रेन के साथ युद्ध को रोकने के लिए तैयार हैं। पुतिन ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से बातचीत की संभावना भी जताई थी। लेकिन कजान में हुए इस हमले ने दोनों देशों के बीच तनाव को और बढ़ा दिया है।
क्या होगा रूस का अगला कदम?
इस हमले के बाद रूस की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन अतीत में ऐसे हमलों के बाद रूस ने आक्रामक जवाबी कार्रवाई की है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह हमला रूस-यूक्रेन युद्ध को और जटिल बना सकता है।