विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशाख जी0 द्वारा बीएलओ के कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से सेक्टर ऑफिसर की तैनाती किए जाने के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा बताया गया कि बूथ लेवल अधिकारियों के कार्यों में सहयोग हेतु विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में कुल 67 सेक्टर ऑफिसर तैनात किए जाते है। तैनात किए गए सेक्टर ऑफिसर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा दिए गए आदेश / निर्देशों के अनुसार कार्यवाहीं करना सुनिश्चित करेंगे। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि नगरीय क्षेत्रों में बीएलओ के कार्यों में सहयोग हेतु नगर निगम के पार्षद, नगर निगम के टैक्स कलेक्टर, लेखपाल, कोटेदार और बीएलए द्वारा गणना प्रपत्रों के वितरण, कलेक्शन और डिजिटाइजेशन के कार्य में सहयोग किया जा रहा है। बीएलओ के द्वारा उपरोक्त कार्मिकों से सहयोग प्राप्त करते हुए शीघ्र ही शत प्रतिशत कार्य पूर्ण करना है। उन्होंने बताया कि हर 2- 3 सुपरवाइजर पर एक सेक्टर ऑफिसर की तैनाती की गई है। सभी तैनात किए गए सेक्टर ऑफिसर कलेक्शन और डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया की निगरानी करते हुए बीएलओ के कार्यों में तेजी लाना सुनिश्चित करेंगे।
उक्त के पश्चात जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशाख जी0 द्वारा विधानसभा-170 सरोजनीनगर के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण करते हुए गणना प्रपत्रों का कलेक्शन और फीडिंग की प्रगति का जायज़ा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजा बिजली पासी राजकीय महाविद्यालय के बूथ 351, 352, 353, 354, 355, 356 एवं 357 आशियाना स्थित कैरियर कॉन्वेंट स्कूल के बूथ संख्या 104 एवं 105 का स्थलीय निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। तत्पश्चात उन्होंने आशियाना स्थित एम जी कॉन्वेंट स्कूल के बूथ संख्या 95, 96, 98, 100 एवं 101 का भी निरीक्षण करते हुए गणना प्रपत्र के कलेक्शन और फीडिंग की प्रगति का जायज़ा लिया। बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) द्वारा अवगत कराया की मतदाताओं द्वारा विधिवत रूप से भरे गए गणना प्रपत्र को बीएलओ के पास वापस जमा करने की प्रक्रिया चल रही है। जमा किए जा रहे फॉर्म का डिजिटाइजेशन कार्य भी बीएलओ द्वारा समानांतर रूप से किया जा रहा है।
बीएलओ को निर्देश दिया गया है कि वे फॉर्म भरने में मतदाताओं को आने वाली किसी भी शंका या संदेह का तत्काल समाधान करें। साथ ही ईआरओ को निर्देशित किया कि सप्लाई इंस्पेक्टर, एडीओ पंचायत, कोटेदार को बीएलओ के साथ फील्ड में लगाकर गणना प्रपत्रों का कलेक्शन कराना सुनिश्चित किया जाए। समस्त मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने गणना प्रपत्र को जल्द से जल्द भरकर अपने संबंधित बीएलओ के पास जमा कर दें।
