लखनऊ, 02 फरवरी 2026 जिलाधिकारी लखनऊ श्री विशाख जी0 की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक आहूत की गई। बैठक में विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों, संबंधित विभागों के अधिकारियों तथा उद्योग विभाग के अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
बैठक में निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी द्वारा समय-सीमा से परे लंबित प्रकरणों पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए समस्त विभागों को निर्देशित किया गया कि निवेश मित्र पोर्टल पर प्रदर्शित समस्त प्रकरणों का निस्तारण प्रत्येक दशा में निर्धारित समय-सीमा के अंतर्गत सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में औद्योगिक क्षेत्र अमौसी/नादरगंज में अवस्थापना सुविधाओं के संबंध में अधिशासी अभियंता, यूपीसीडा द्वारा अवगत कराया गया कि नादरगंज से सीपेट तक की मुख्य सड़क एवं ड्रेन का कार्य प्रगति पर है। मुख्य सड़क का कार्य 28 फरवरी, 2026 तक तथा मुख्य सड़क की नाली का कार्य फरवरी माह के मध्य तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त औद्योगिक क्षेत्र की आंतरिक सड़कों के चौड़ीकरण एवं नालियों के निर्माण हेतु प्रस्ताव स्वीकृति के लिए प्रेषित किया गया है। गत बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में यूपीसीडा द्वारा नगर निगम से समन्वय करते हुए औद्योगिक क्षेत्र में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण एवं साफ-सफाई का कार्य नियमित रूप से कराया जा रहा है, जिसकी पुष्टि बैठक में उपस्थित उद्यमियों द्वारा भी की गई।
बैठक में गोयला इंडस्ट्रियल एरिया में एलटी लाइन विकसित किए जाने के संबंध में अवगत कराया गया कि शेष कार्य आगामी वित्तीय वर्ष के न्यू बिजनेस प्लान के अंतर्गत पूर्ण किया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी द्वारा मौके पर कार्य प्रारंभ होने की स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए मुख्य अभियंता को कार्य प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
उद्योग बंधु की इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, अपर नगर आयुक्त, उपायुक्त उद्योग, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा, लखनऊ विकास प्राधिकरण, नगर निगम सहित उद्योग से संबंधित विभिन्न विभागों के अधिकारी, औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी एवं उद्यमीगण उपस्थित रहे।
