नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए गुजरात के मोरबी में हनुमान जी की 108 फीट ऊंची प्रतिमा का लोकार्पण किया ।
इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि हनुमान जयंती के पावन पर्व पर आप सभी को और समस्त देशवासियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। इस पावन अवसर पर आज मोरबी में हनुमान जी की इस भव्य मूर्ति का लोकार्पण हुआ है। देश और दुनिया भर के हनुमान भक्तों और रामभक्तों के लिए बहुत सुखदायी है, आप सभी को बहुत-बहुत बधाई । हनुमान जी की इस तरह 108 फीट ऊंची प्रतिमा देश के चार अलग-अलग स्थानों में स्थापित की जा रही है। शिमला में ऐसी ही प्रतिमा को हम कई सालों से देख रहे हैं और आज हम ये दूसरी प्रतिमा को देख रहे हैं ।
मोदी ने कहा कि 2 अन्य मूर्तियों को दक्षिण में रामेश्वरम और पश्चिम बंगाल में स्थापित करने का कार्य चल रहा है। हनुमान जी अपनी भक्ति और अपने सेवाभाव से सबको जोड़ते हैं। हनुमान वो शक्ति हैं जिन्होंने समस्त वनवासी प्रजातियों और वन बंधुओं को मान और सम्मान का अधिकार दिलाया है।
