कांग्रेस झूठ बोलने वाली पार्टी, राहुल गांधी भी बोलते हैं भरपूर झूठ: भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर

टॉप न्यूज़ देश

हमीरपुर । हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठ बोलने वाली पार्टी है। राहुल गांधी भी भरपूर झूठ बोलते हैं। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, “देश के जिस भी राज्य में चुनाव हुआ, कांग्रेस के नेताओं ने हर जगह झूठ बोला है। हिमाचल में भी कांग्रेस के नेताओं ने झूठ बोला, क्योंकि उनके बड़े नेता राहुल गांधी भी भरपूर झूठ बोलते हैं। झूठ बोलकर वोट बंटोरते हैं और सरकार बनाने के बाद वादे भूल जाते हैं।” उन्होंने आरोप लगाए कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की 10 गारंटियां फेल हो चुकी हैं। तीन लाख महिलाओं की बात थी, लेकिन तीस हजार महिलाओं को भी 1500 रुपए नहीं मिले। राज्य सरकार को खुली चुनौती देते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा, “अगर तीन लाख महिलाओं का आंकड़ा कांग्रेस की सरकार दे तो उनको मेरा सलाम है। नहीं है तो वे अपना इस्तीफा दें।”
सांसद अनुराग ठाकुर ने आगे कहा, “कांग्रेस झूठ बोलने वाली पार्टी है। कांग्रेस के नेता झूठे हैं। कांग्रेस का डेटा झूठा है। कांग्रेस के वादे झूठे हैं। वे झूठे वादे करते हैं और फिर गायब हो जाते हैं। सत्ता मिलते ही मुकर जाते हैं। राहुल गांधी से लेकर कांग्रेस बड़े-बड़े नेताओं तक, देशभर में अनगिनत झूठे घूम रहे हैं।”
इस दौरान उन्होंने बिहार विधानसभा चुनावों का जिक्र किया और कहा कि बिहार की जनता इन झूठों को नहीं सुनेगी। बिहार की जनता जंगलराज नहीं, मंगलराज चाहती है।
अनुराग ठाकुर ने कहा, “जंगलराज लालू प्रसाद यादव का शासन था, जहां हत्याएं, अपहरण, जबरन वसूली, बलात्कार, टूटी सड़कें थीं और लोगों का जीना मुश्किल था। आज नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी की सरकार में बिहार मंगलराज है। बिहार बढ़ रहा है, जिसको आगे भी गति देने का काम भाजपा-एनडीए की सरकार करेगी।”
सांसद अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के मौके पर हमीरपुर में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ में हिस्सा लिया। उन्होंने देश की एकता, अखंडता, शक्ति और राष्ट्रभक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प के साथ दौड़ भी लगाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *