कोडरमा : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर कटेंगे तो बटेंगे वाले बयान दोहराया है. जी हाँ इस बार मौका था झारखंड का जहां चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे सीएम योगी ने हेमंत सोरेन सरकार निशाना साधा. सीएम योगी ने सोरेन सरकार में मंत्री रहे आलमगीर आलम के करीबी के घर से भारी मात्रा में कैश बरामद होने पर उनकी तुलना ‘औरंगजेब’ से कर दी. उन्होंने कहा कि जैसे औरंगजेब ने देश को लूटा था, वैसे ही आलमगीर ने राज्य के गरीबों को लूटा. इसके साथ ही सीएम योगी ने फिर से ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ का नारा दोहराया.
झारखंड में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि औरंगजेब ने देश को लूटा था, मंदिरों को नष्ट किया था उसी तरह झारखंड मुक्ति मोर्चा का एक मंत्री था… आलमगीर आलम… जिसके घर से नोटों की गड्डियां मिली थीं. ये पैसा झारखंड के गरीबों का था, जिसे लूटकर जमा किया गया था.
सीएम योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि मंत्री के साथ-साथ नौकरों, रिश्तेदारों के घरों से भी कैश बरामद हुआ था. ये सब झारखंडवासियों का पैसा था. लूट का इससे घटिया स्तर और दूसरा कहीं नहीं देखा जा सकता.
एक रहिए और नेक रहिए: सीएम योगी
सीएम योगी ने मंच से बोलते हुए जनता से कहा कि अपनी ताकत का एहसास करवाइए, जातियों में बंटना नहीं है, जाति के नाम पर कुछ लोग आपको बांटेंगे, कांग्रेस और विपक्ष यही काम करती है. ये लोग बांग्लादेशी घुसपैठियों, रोहिंग्या को बुला रहे हैं. एक दिन ये लोग आपको घर के अंदर घंटी और शंख भी नहीं बजाने देंगे. इसलिए एक रहिए और नेक रहिए. मैं तो कहता हूं कि देश का इतिहास गवाह है जब भी बंटे हैं, निर्ममता से कटे हैं.
माफियाओं का सफाया: सीएम योगी
झारखंड के कोडरमा में बोलते हुए सीएम योगी ने माफियाओं को लेकर भी बयान दिया. उन्होंने कहा कि 2017 के बाद यूपी में जो बुलडोजर चलना शुरू किया, उसके बाद से कुछ जेल में हैं और कुछ का राम नाम सत्य हो गया है. यूपी से माफिया का सफाया हो गया है, जैसे गधे के सिर से सींग गायब हो जाता है वैसे ही.
