रविवार को भी दर्शकों को तरसी सर्कस, 14 साल बाद रोहित शेट्टी की पहली असफलता

मनोरंजन

मेगा प्रमोशन और रणवीर सिंह के दमदार स्वैग के बावजूद, रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी फिल्म सर्कस दर्शकों को सिनेमाघरों की ओर आकर्षित नहीं कर पाई। जिस फिल्म ने पहले दिन अच्छा प्रदर्शन नहीं किया, वह क्रिसमस पर भी निराशाजनक रही। रणवीर के अलावा, एंटरटेनर में जैकलीन फर्नांडीज, पूजा हेगड़े, जॉनी लीवर, मुकेश तिवारी और वरुण शर्मा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।

इससे पूर्व रणवीर सिंह को लगातार दो असफलताओं का सामना करना पड़ा था- 83 और जयशभाई जोरदार। दो फिल्मों के बाद, अभिनेता को रोहित शेट्टी की कॉमेडी से भरपूर सर्कस से खासी उम्मीदें थीं, लेकिन कमजोर कथा-पटकथा और जबरदस्ती ठूंसे गए बोरियत भरे हास्य दृश्यों के चलते दर्शकों ने रणवीर सिंह की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। पहले दिन कमजोर ओपनिंग करने के बाद यह उम्मीद थी कि शायद रविवार को क्रिसमिस का फायदा फिल्म को मिलेगा लेकिन दर्शकों ने सर्कस के स्थान पर अवतार: द वे ऑफ वॉटर को ज्यादा तवज्जो दी, जिसके चलते रविवार को सिनेमाघर दर्शकों के लिए तरसते नजर आए। फिल्म ने तीसरे दिन करीब 7.45 करोड़ रुपये बटोरे।

ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के अनुसार, सर्कस ने अपने ओपनिंग डे पर 6.25 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जो कि हॉलिडे रिलीज के लिए एक खराब आंकड़ा है। दूसरे दिन, इसने नगण्य वृद्धि दिखाई और 6.40 करोड़ रुपये कमाने में सफल रही। तीसरे दिन केवल 1 करोड़ की वृद्धि दिखाई गई, जो महान कलाकारों वाली एक मल्टी-स्टारर फिल्म के लिए अच्छा नहीं है।

रोहित शेट्टी द्वारा निर्मित और निर्देशित सर्कस को गुलशन कुमार, भूषण कुमार और टी-सीरीज द्वारा प्रस्तुत किया गया है। इसमें रणवीर सिंह दोहरी भूमिका में हैं। फिल्म में सिद्धार्थ जाधव, संजय मिश्रा, मुरली शर्मा, सुलभा आर्य और व्रजेश हिरजी भी हैं। इसमें दीपिका पादुकोण और अजय देवगन भी विशेष उपस्थिति में हैं। सर्कस 1982 की हिंदी फिल्म अंगूर पर आधारित है, जो खुद 1968 की हिंदी फिल्म दो दूनी चार की रीमेक है। दो दूनी चार 1963 की बंगाली फिल्म भ्रांति बिलास का रूपांतरण था। सर्कस 23 दिसंबर, 2022 को रिलीज हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *