सिडनी : ऑस्ट्रेलियाई टीम ने एडिले़ड वनडे में भारत को 2 विकेट से हराकर वनडे सीरीज अपने नाम कर ली थी. अब वनडे सीरीज का तीसरा एवं आखिरी मुकाबला 25 अक्टूबर (शनिवार) को सिडनी के सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाना है. ऑस्ट्रेलिया ने सिडनी वनडे के लिए स्क्वॉड में कुछ फेरबदल किए हैं.
मार्नस लाबुशेन को रिलीज कर दिया गया है, ताकि वो क्वीसलैंड के घरेलू मैच खेल पाए. वहीं जैक एडवर्ड्स और स्पिनर मैथ्यू कुह्नमैन को स्क्वॉड में शामिल किया गया है. 25 साल के एडवर्ड्स का अब तक इंटरनेशनल डेब्यू नहीं हुआ है, जबकि कुह्नमैन ने भारत के खिलाफ पर्थ वनडे में भाग लिया था.
ऑस्ट्रेलियाई टीम को 29 अक्टूबर से भारत के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है. टी20 सीरीज के आखिरी तीन मैचों के लिए अनुभवी ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल और तेज गेंदबाज महली बियर्डमैव को स्क्वॉड में शामिल किया गया है. बियर्डमैन ने हालिया दिनों में घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है, इसी के चलते उन्हें नेशनल कॉल-अप मिला है.
20 साल के महली बियर्डमैन पिछले साल अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा रह चुके हैं और उस टूर्नामेंट में उन्होंने 10 विकेट झटके थे. वहीं तेज गेंदबाज बेन ड्वारशुइस चौथे एवं पांचवें टी20 मैचों के लिए टीम का हिस्सा होंगे. साथ ही विकेटकीपर बल्लेबाज जोश फिलिप पांचों टी20 मुकाबलों के लिए स्क्वॉड में शामिल किए गए हैं.
