मोतिहारी : बिहार में एक बार फिर जहरीली शराब का कहर देखने को मिला है. राज्य में आधिकारिक तौर पर शराबबंदी है, फिर भी लोगों को पता नहीं कैसे मिल रही और इसके सेवन से दम तोड़ रहे हैं. ताजा मामला मोतिहारी जिले का है, जहां जहरीली शराब पीने से अबतक चार लोगों की मौत हो चुकी है. सात लोग अस्पताल में भर्ती है.
चौंका देने वाली बात यह है कि इनमें से कई लोगों की आंखों की रोशनी चली गई है. दो को दूसरे अस्पातलों में रेफर किया गया है. एसपी स्वर्ण प्रभात ने चार लोगों के मौत की पुश्टि की है. उन्होंने कहा कि सात लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
एसपी ने बताया कि इस मामले में चौकीदार भरत राय और मुख्य आरोपी नागा राय को उनके परिवार की महिलाओं के साथ गिरफ्तार किया गया है. तुरकौलिया प्रभारी उमाशंकर मांझी पर भी एक्शन लेते हुए उन्हें निलंबित किया जा चुका है. आगे की कार्रवाई की जा रही है.
बता दें कि तीन वर्ष पहले भी मोतिहारी में जहरीली शराब पीने से 45 लोगों की दर्दनाक मौत हुई थी. इसके बावजूद इस तरह की घटना का दोबारा सामने आना प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
रोहतास में 5 लोगों की मौत से मचा था हड़कंप
इससे पहले इसी साल फरवरी में रोहतास में अलग-अलग गांव के कुल पांच लोगों की संदिग्ध मौत हड़कंप मच गया था. कहा गया कि ये लोग एक तिलक समारोह से लौटे थे. इसके बाद इनकी तबीयत बिगड़ गई और एक-एक करके सभी ने दम तोड़ दिया.
