निर्माता निर्देशक संजय लीला भंसाली एक बार फिर से जबरदस्त चर्चाओं में हैं। अपनी पहली वेब सीरीज हीरामंडी को लेकर उनको चर्चाएँ पिछले दो सप्ताह से हो रही थीं, जब से हीरा मंडी का टीजर जारी हुआ था। लेकिन बीते रविवार 4 फरवरी से सिने गलियारों में उनकी तारीफों के साथ हुई चर्चा का कारण भंसाली द्वारा 19 साल पहले निर्देशित फिल्म ब्लैक का पहली बार किसी ओटीटी प्लेटफार्म पर डिजीटल रिलीज होना रहा। यह फिल्म आज भी दर्शकों की फेवरेट मूवी लिस्ट में शामिल है। ‘ब्लैक’ में सदी के महानायक कहलाने वाले अमिताभ बच्चन और एक्ट्रेस रानी मुखर्जी ने लीड रोल प्ले किया था।
फिल्म साल 2005 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। रविवार (4 फरवरी) को फिल्म की रिलीज को 19 साल पूरे होने पर दर्शकों को एक बड़ा तोहफा मिला है। इसे OTT पर रिलीज कर दिया गया है। इससे पहले यह फिल्म किसी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नहीं थी। अमिताभ ने अपने एक्स (ट्विटर) हैंडल पर एक पोस्ट शेयर की। उन्होंने ‘ब्लैक’ फिल्म की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “ब्लैक को रिलीज हुए 19 साल हो गए हैं और आज हम नेटफ्लिक्स पर इसकी पहली डिजिटल रिलीज का जश्न मना रहे हैं! देवराज और मिशेल की यात्रा हम सभी के लिए एक प्रेरणा रही है और हमें उम्मीद है कि यह आपको शक्ति और करुणा से भर देगी।”
नेटफ्लिक्स ने भी इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह जानकारी दी है। बता दें कि ‘ब्लैक’ एक ऐसी लड़की के जीवन की कहानी है जो जन्म से ही न तो देख सकती है और न ही सुन सकती है। हालांकि उसे पढ़ने-लिखने का शौक है। इस लड़की का किरदार रानी (मिशेल) ने निभाया है, जबकि अमिताभ उनकी मदद करने वाले टीचर देवराज बने हैं।
