बैंक ऑफ इंडिया ने समस्त बैंकों के ग्राहकों के लिए मेगा क्रेडिट कैंप का आयोजन किया

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

माननीय मुख्यमंत्री के निर्देश एवं राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति उ. प्र. के तत्वावधान में लखनऊ जनपद के अग्रणी बैंक के रूप में बैंक ऑफ इंडिया ने दिनांक 20.02.2026 को समस्त बैंकों के ग्राहकों के लिए मेगा क्रेडिट कैंप का आयोजन लखनऊ में किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री विशाख जी. जिलाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बैंक ऑफ इंडिया के फील्ड महाप्रबंधक श्री अमरेन्द्र कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित समस्त अधिकारियों एवं सम्मानित ग्राहकों का स्वागत किया। उन्होंने सरकारी और अन्य बैंकिंग योजनाओं के तहत बैंकों द्वारा प्रदान की जाने वाली विभिन्न ऋण सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित बैंकों से संबंधित योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाना था। इसमें जनपद के सरकारी, प्राइवेट एवं उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक को मिलकर कुल 18 बैंकों ने भाग लिया। इसमें पीएमएफ़ई, पीएमईजीपी, पीएम मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि, सीएम युवा योजना आदि योजनाओं से लाभान्वित होने वाले ग्राहकों ने भाग लिया। इस क्रेडिट कैंप में सीकेवाईसी के अद्यतन और आरएसईटीआई प्रशिक्षुओं द्वारा बनाए गए उत्पादों के प्रदर्शन के लिए स्टॉल भी लगाए गए थे।

विभिन्न ऋण योजनाओं के माध्यम से लखनऊ जिले के सभी बैंकों ने मिलकर 01 जनवरी 2026 से अब तक कुल 4589 करोड़ रुपए के ऋण संवितरित किए हैं। जिसमें से इस मेगा क्रेडिट कैंप में लखनऊ जनपद के जिलाधिकारी श्री विशाख जी. ने 170 ग्राहकों को 467 करोड़ रुपए के ऋण स्वीकृत पत्र वितरित किए। अपने संबोधन में श्री विशाख जी. ने प्रदेश सरकार द्वारा चलायी जा रही महत्वाकांक्षी योजना, मुख्यमंत्री युवा योजना के लाभार्थियों को बधाई दी। साथ ही प्रधानमंत्री जन धन योजना (पीएमजेडीवाई), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई), अटल पेंशन योजना (एपीवाई), प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (पीएमएमवाई), स्टैंड अप इंडिया और पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) सहित विभिन्न वित्तीय समावेशन योजनाओं को सफलता पूर्वक लागू करने के लिए बैंकों के योगदान की सराहना की। उन्होंने बैंकिंग सुविधाओं से वंचित लोगों को बैंक से जोड़ने की बात की। उन्होंने बैंकों से युवाओं को स्वरोजगार के लिए आसान प्रक्रिया के तहत ऋण प्रदान करने को कहा।

क्रेडिट कैंप में श्री अजय जैन, मुख्य विकास अधिकारी, श्री सर्वेश्वर शुक्ला, संयुक्त आयुक्त (उद्योग) एवं नोडल अधिकारी सीएम युवा योजना ने भी अपने विचार व्यक्त किए। एफ़जीएमओ लखनऊ के उपमहाप्रबंधक श्री श्रीचंद के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ। मेगा क्रेडिट कैंप में 300 से अधिक लोगों ने भाग लिया। सभी ने कार्यक्रम की सराहना की। इस मौके पर उप आंचलिक प्रबन्धक श्री अनवर जमाल, उप आंचलिक प्रबन्धक (वसूली) श्री अजय कुमार श्रीवास्तव, लखनऊ जिले के अग्रणी जिला प्रबन्धक श्री मनीष पाठक सहित सभी बैंकों एवं वित्तीय संस्थाओं के जिला समन्वयक, प्रतिनिधि तथा ग्राहक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *