एनिमल बनेगी रणबीर कपूर के करियर की सबसे बड़ी ओपनर, पहला दिन 45 करोड़ के पार

मनोरंजन

संदीप रेड्डी वांगा निर्देशित और रणबीर कपूर अभिनीत फिल्म एनिमल काफी सुर्खियों में है। फिल्म के दमदार ट्रेलर रिलीज के बाद से ही फैंस इसकी रिलीज का इंतजार नहीं कर पा रहे हैं। वहीं इस बीच एनिमल के पहले दिन के शो को देखने के लिए लोगों के बीच होड़ मची हुई है और इसी के चलते फिल्म की बंपर एडवांस बुकिंग भी हो रही है।

रणबीर कपूर स्टारर फिल्म एनिमल रिलीज से पहले ही धूम मचा रही है। फिल्म मेकर्स ने इस वीकेंड पर एनिमल की एडवांस टिकट बुकिंग शुरू की थी और इसे प्री टिकट सेल में ऑडियंस का शानदार रिस्पॉन्स मिला है। फिल्म की पहले दिन के लिए बंपर एडवांस बुकिंग हो रही है और रिलीज से पहले ही एनिमल मालामाल हो चुकी है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक एनिमल के अभी तक सभी भाषाओं में 5 लाख 40 हजार 78 टिकट बिक चुके हैं। इसी के साथ रिलीज से पहले ही एनिमल ने एडवांस टिकट बुकिंग से 13 करोड़ 95 लाख की कमाई कर ली है। बॉक्स ऑफिस पर नजर रखने वालों का अनुमान है कि एनिमल पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 45 करोड़ से ज्यादा का कारोबार करने में सफल होगी। साथ ही इस फिल्म के बाद हिन्दी फिल्म उद्योग में रणबीर कपूर का कद और ऊँचा होगा।

एनिमल की एडवांस टिकट बुकिंग रिपोर्ट बेहद ही शानदार है। एनिमल की डिमांड इतनी ज्यादा है कि कुछ सिनेमाघरों ने तो सुबह 7:30 बजे से ही शो शुरू करने का फैसला किया है। ट्रेड जगत के एक्सपर्ट एनिमल को रणबीर कपूर के करियर की सबसे बड़ी ओपनर होने का दावा कर रहे हैं। फिलहाल देखने वाली बात होगी कि एनिमल बॉक्स ऑफिस पर कितने रिकॉर्ड बनाती है?

कबीर सिंह और अर्जुन रेड्डी फेम संदीप रेड्डी वांगा की एनिमल में रणबीर कपूर के अलावा बॉबी देओल, रश्मिका मंदाना, अनिल कपूर, तृप्ति डिमरी, शक्ति कपूर और सुरेश ओबेरॉय समेत कई कलाकारों ने अहम किरदार निभाया है। फिल्म के म्यूजिक को भी काफी पसंद किया जा रहा है। ये फिल्म 1 दिसंबर को हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *