लखनऊ, दिनांक 03 दिसम्बर 2025, 69वीं राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2025–26 (उम्र 17 आयु वर्ग बालक/बालिका) के सफल व भव्य आयोजन हेतु आज जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री विशाख जी0 द्वारा की गई।
बैठक में प्रतिभागी टीमों के आवास, भोजन, परिवहन, सुरक्षा, चिकित्सा व्यवस्था तथा खेल मैदान की तैयारियों सहित आयोजन से संबंधित सभी प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। जेडी माध्यमिक शिक्षा ने बताया कि स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 13 दिसम्बर 2025 से 17 दिसम्बर 2025 तक लखनऊ में आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर से लगभग 2000 खिलाड़ी भाग लेंगे। इस हेतु 44 इकाइयों की टीमों के ठहरने, भोजन, परिवहन एवं सुरक्षा की सभी व्यवस्थाएँ पूर्ण करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
प्रतियोगिता में कुल 19 इवेंट शामिल होंगे, जिनमें 100, 200, 400, 800, 1500 एवं 3000 मीटर दौड़, लॉन्ग जंप, हाई जंप, शॉटपुट, भाला फेंक, 4×100 मीटर रिले सहित बालक वर्ग हेतु 5000 मीटर पैदल चाल शामिल है। प्रतिभागियों तथा अधिकारियों के सुचारु संचालन हेतु 24×7 कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जिसका पर्यवेक्षण वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किया जाएगा।
खेल परिसर में साफ-सफाई, फॉगिंग, चिकित्सा इकाइयों की तैनाती, एम्बुलेंस व्यवस्था, अग्निशमन व्यवस्था तथा आपातकालीन सेवाओं को भी सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि आयोजन को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठा के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु अपने दायित्वों का निर्वहन समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित करें।
उक्त बैठक में जेडी बेसिक शिक्षा, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
