जिलाधिकारी लखनऊ श्री विशाख जी0 की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ, 26 फरवरी 2026 जिलाधिकारी लखनऊ श्री विशाख जी0 की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों, संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों तथा उद्योग विभाग के अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग करते हुए औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

 

बैठक के प्रारंभ में निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने समय-सीमा से अधिक लंबित प्रकरणों के संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग निवेश मित्र पोर्टल पर प्रदर्शित प्रकरणों का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।

 

इसके उपरांत औद्योगिक क्षेत्र अमौसी/नादरगंज में अवस्थापना सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। गत बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में अधिशासी अभियंता यूपीसीडा द्वारा अवगत कराया गया कि क्षेत्र में नाला, कलवर्ट तथा मीडियन निर्माण कार्य प्रगति पर है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 31 मार्च तक सभी निर्माण कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, अन्यथा संबंधित अधिशासी अभियंता यूपीसीडा के विरुद्ध चार्जशीट जारी कर कार्यवाही प्रारंभ करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

 

बैठक में गोयला औद्योगिक क्षेत्र में एल०टी० लाइन उपलब्ध कराने की प्रगति की भी समीक्षा की गई। विद्युत विभाग द्वारा स्वीकृत बजट के सापेक्ष व्यय एवं प्रगति संतोषजनक न पाए जाने एवं कार्य न होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिशासी अभियंता के विरुद्ध चार्जशीट जारी कर प्रबंध निदेशक, विद्युत विभाग को प्रेषित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्देशित किया गया कि विद्युत आपूर्ति से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र पूर्ण किया जाए।

 

बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर पूर्वी, अपर नगर आयुक्त, उपायुक्त उद्योग, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा, लखनऊ विकास प्राधिकरण, नगर निगम सहित उद्योग से संबंधित विभिन्न विभागों के अधिकारी, औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी एवं उद्यमीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *