अमेरिका इजरायल को बेचेगा 6.4 अरब डॉलर के हथियार! गाजा पर हमले तेज

विदेश

नई दिल्ली : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने इजरायल को 6.4 अरब डॉलर मूल्य के हथियार और उपकरण बेचने का प्रस्ताव कांग्रेस के सामने रखा है. सूत्रों के मुताबिक, इस डील में 30 AH-64 अपाचे अटैक हेलीकॉप्टर, 3,250 इन्फैंट्री असॉल्ट वाहन और 750 मिलियन डॉलर मूल्य के सपोर्ट पार्ट्स शामिल हैं.

यह प्रस्ताव ऐसे समय आया है जब इजरायल की सेना ने शुक्रवार को गाजा सिटी में अपना ऑपरेशन और तेज करते हुए हमास के ठिकानों पर बमबारी की. वहीं, बड़ी संख्या में विस्थापित फिलिस्तीनी लोगों ने कहा कि उनके पास भागने का कोई साधन नहीं है.

जानकारी के अनुसार, 3.8 अरब डॉलर की डील सिर्फ अपाचे हेलीकॉप्टरों के लिए होगी, जबकि 1.9 अरब डॉलर के इन्फैंट्री वाहन इज़रायली सेना को दिए जाएंगे. इसके अलावा, 750 मिलियन डॉलर के स्पेयर पार्ट्स और पावर सप्लाई की अलग डील भी प्रक्रिया में है.

यूएनजीए की वार्षिक बैठक से पहले आया प्रस्ताव
यह खबर ठीक उस वक्त सामने आई है जब अगले हफ्ते न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) की वार्षिक बैठक होने वाली है. इसके अलावा, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद भी गाजा मुद्दे पर हाई-लेवल मीटिंग करेगी.

इजरायल को हथियार बेचने का अमेरिका में विरोध
रिपब्लिकन पार्टी इजरायल के लिए हमेशा सख्त रुख अपनाती रही है, लेकिन दूसरी ओर अमेरिका के भीतर डेमोक्रेट सांसद इजरायल की गाजा पर की जा रही कार्रवाई को लेकर सतर्क और आलोचनात्मक नजरिये से देख रहे हैं.

गुरुवार को, अमेरिकी सीनेट में कुछ डेमोक्रेट सांसदों ने एक प्रस्ताव पेश किया जिसमें फिलिस्तीन को स्वतंत्र राज्य के रूप में मान्यता देने की मांग की गई. हाल ही में डेमोक्रेटिक पार्टी के आधे से ज्यादा सीनेटरों ने इजरायल को और हथियार बेचने का विरोध भी किया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *