वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के बाद एक और अपहरण, लेकिन इस बार अमेरिका में खलबली

विदेश

कराकस : अमेरिका की ओर से पिछले महीने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो का अपहरण कर लिया गया था. इसके बाद से ही वेनेजुएला की राजनीति में हलचल मची हुई है. अब इसी राजनीतिक उथल-पुथल के बीच देश में एक और हाई-प्रोफाइल अपहरण हो गया है, जिसने अमेरिका की रणनीति को हिला दिया है.

देश के प्रमुख विपक्षी नेता और ‘प्रिमेरो जस्टिसिया’ पार्टी के प्रमुख जुआन पाब्लो गुआनिपा को जेल से रिहा किए जाने के कुछ ही घंटों बाद रविवार रात अगवा कर लिया गया. यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब सरकार अमेरिका के दबाव में राजनीतिक बंदियों की रिहाई की प्रक्रिया शुरू करने का दावा कर रही है.

परिवार और विपक्षी नेताओं के मुताबिक, गुआनिपा को कराकास के लॉस चोरोस इलाके से भारी हथियारों से लैस लोगों ने जबरन उठा लिया. विपक्षी नेता मारिया कोरिना माचाडो ने सोशल मीडिया पर कहा कि चार गाड़ियों में आए हथियारबंद लोग, जो सादे कपड़ों में थे, गुआनिपा को जबरन अपने साथ ले गए.

गुआनिपा के बेटे रामोन ने एक वीडियो संदेश में बताया कि उनके पिता रात करीब 11:45 बजे एक कार्यक्रम में मौजूद थे, तभी लगभग 10 हथियारबंद लोगों ने उन्हें घेर लिया. रामोन के अनुसार, हमलावरों के पास कोई पहचान पत्र नहीं था और उन्होंने बंदूक के बल पर गुआनिपा को अगवा कर लिया. उन्होंने सरकार से सबूत देने की मांग की कि उनके पिता जीवित हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *