PM मोदी का ऐलान, चंद्रयान-3 की चांद पर सफल लैंडिंग के बाद अब हर साल 23 अगस्त को मनाया जाएगा ‘नेशनल स्पेस डे’

देश

बेंगलुरु : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ग्रीस की यात्रा लौटकर शनिवार सुबह बेंगलुरु पहुंचे हैं. यहां उन्होंने इसरो के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर पहुंचकर चंद्रयान-3 की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र में सफल सॉफ्ट लैंडिंग कराने वाले वैज्ञानिकों से मुलाकात की और उन्हें बधाई दी. यहां पीएम मोदी ने वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए एक बड़ा ऐलान कर दिया और कहा कि 23 अगस्त को जिस दिन चंद्रयान-3 चंद्रमा पर उतरा था अब यह दिन हर वर्ष ‘नेशनल स्पेस डे’ के रूप में मनाया जाएगा.

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस तीसरे चंद्र मिशन की सफलता के जश्न का प्रतीक होगा. हमे यह दिन अब कभी नहीं भूलना है. उन्होंने कहा, ‘हालांकि मैं दक्षिण अफ्रीका और ग्रीस के दौरे पर था, लेकिन मेरा मन भारत में ही था. क्योंकि इसरो चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग की तैयारी कर रहा था.’ पीएम मोदी ने कहा कि मैं चंद्रयान-3 की सफलता के पीछे जिन लोगों का हाथ है, उनसे अतिशिघ्र मिलना और उन्हें सलाम करना चाहता था. मेरे मन में बेसब्री थी.

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हमारी महिला वैज्ञानिकों ने चंद्रयान 3 की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. यह मिशन आने वाली पीढ़ियों को मानवता के कल्याण के लिए विज्ञान का उपयोग करने के प्रति प्रेरित करेगा. विश्व का कल्याण ही हमारी सर्वोच्च प्रतिबद्धता है.’ पीएम ने इसरो की तारीफ करते हुए कहा कि हमारे वैज्ञानिकों ने लैंडर की सॉफ्ट लैंडिंग का परीक्षण करने के लिए इसरो फैसिलिटी में ही एक कृत्रिम चंद्रमा बनाया. पीएम मोदी ने कहा, ‘लैंडर का सफल होना तय था, क्योंकि वहां (चंद्रमा पर) जाने से पहले उसने कई परीक्षण पास किए थे.’

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *