‘दोस्त ऐसे ही…’ ट्रंप के नए पोस्ट पर बोली पीएम मोदी का पैर छूने वाली अमेरिका सिंगर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जब भारत को लेकर बेहद सख्त रुख दिखाते हुए 50% टैरिफ लगा दिया था तब अमेरिका में भी इसकी काफी आलोचना हुई थी. लेकिन अब राष्ट्रपति ट्रंप भारत को लेकर नरम पड़ रहे हैं और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दोस्त बताया है. ट्रंप ने भारत से व्यापार वार्ता शुरू करने की भी बात कही है जिसका अमेरिका में स्वागत किया जा रहा है. अमेरिका की मशहूर सिंगर मैरी मिलबेन ने कहा है कि यह इस बात का उदाहरण है कि दोस्त कैसे बात करते हैं.
ट्रंप ने मंगलवार को भारत के साथ व्यापार वार्ता फिर से शुरू करने की घोषणा की. उन्होंने इस कदम को दोनों देशों के बीच मुश्किलों को दूर करने और एक सफल समझौते पर पहुंचने की कोशिश बताया.
इसे लेकर मिलबेन ने एक्स पर लिखा, ‘दोस्त इसी तरह बातचीत करते हैं, आपसी सम्मान, समझ और साझा आधार के साथ. यही वे राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी हैं जिन्हें मैं जानता हूं. हमें एक-दूसरे की जरूरत है और हम साथ मिलकर ज्यादा मजबूत हैं. हमारा गठबंधन दुनिया के लिए एक नैतिक और आर्थिक दिशा तय करता है और शांति का रास्ता दिखाता है.’
ट्रंप ने पीएम मोदी को बताया ‘बहुत अच्छा दोस्त’
अमेरिकी सिंगर की यह प्रतिक्रिया ट्रंप के उस ट्रुथ सोशल पोस्ट के बाद आई जिसमें उन्होंने कहा कि वो आने वाले हफ्तों में अपने ‘बहुत अच्छे दोस्त’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करने के लिए उत्सुक हैं.
ट्रंप ने लिखा, ‘मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और अमेरिका, दोनों देशों के बीच व्यापार की मुश्किलों को दूर करने के लिए बातचीत जारी रखे हुए हैं. मैं आने वाले हफ्तों में अपने बहुत अच्छे दोस्त, प्रधानमंत्री मोदी से बात करने के लिए उत्सुक हूं.’
प्रधानमंत्री मोदी ने भी ट्रंप की इस घोषणा का स्वागत किया और कहा कि व्यापार वार्ता से भारत-अमेरिका साझेदारी की असीमित क्षमता को सामने लाने में मदद मिलेगी.
पीएम ने एक्स पर किए गए अपने पोस्ट में कहा, ‘भारत और अमेरिका घनिष्ठ मित्र और स्वाभाविक साझेदार हैं. मुझे विश्वास है कि हमारी व्यापार वार्ता भारत-अमेरिका साझेदारी की असीम संभावनाओं को सामने लाने का रास्ता तैयार करेगी. हमारी टीमें इन चर्चाओं को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए काम कर रही हैं. मैं राष्ट्रपति ट्रंप से बात करने के लिए भी उत्सुक हूं. हम दोनों देशों के लोगों के लिए एक उज्जवल और अधिक समृद्ध भविष्य सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करेंगे.’
