फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। ग्रीनफील्ड कॉलोनी स्थित चार मंजिला मकान में एयर कंडीशनर (AC) का कंप्रेसर फट गया, जिससे आग लग गई और धुआं फैल गया। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि बेटा खिड़की से कूदकर किसी तरह जान बचाने में कामयाब रहा।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मृतकों की पहचान सचिन कपूर (50), उनकी पत्नी रिंकू कपूर (48) और बेटी सुजान (13) के रूप में हुई है। वहीं बेटा आर्यन (24) गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है। परिवार मकान की दूसरी मंजिल पर किराए से रह रहा था।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 3 बजे मकान मालिक के AC में शॉर्ट सर्किट हुआ और कंप्रेसर फटने से आग लग गई। देखते ही देखते धुआं ऊपर की मंजिलों तक भर गया। कपूर परिवार नींद में था और अचानक धुएं से घिरने पर घबरा गया। वे छत की ओर भागे लेकिन गेट बंद होने के कारण फंस गए।
धुएं की वजह से दम घुटने से सचिन, उनकी पत्नी और बेटी बेहोश हो गए और उनकी मौत हो गई। वहीं बेटे आर्यन ने साहस दिखाते हुए खिड़की से छलांग लगा दी। गिरने से उसके हाथ-पैर टूट गए, लेकिन जान बच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
