आमिर फिर से बनाना चाहते हैं मेला और ठग्स ऑफ हिंदुस्तान

मनोरंजन

आमिर खान इन दिनों अपनी 11 अगस्त को प्रदर्शित होने वाली फिल्म लालसिंह चड्ढा के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इसी सिलसिले में वे हाल ही में करण जौहर के शो कॉफी विद करण में करीना कपूर खान के साथ शामिल हुए थे। इस शो में एक तरफ जहाँ उन्होंने अपनी निजी जिन्दगी, रिश्तों और लालसिंह चड्ढा को लेकर खुलकर बातचीत की, वहीं दूसरी ओर उन्होंने अपनी जिन्दगी के कुछ ऐसे राज से खुलासा किया जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। हालांकि शो में करण जौहर और करीना कपूर खान ने उनकी काफी आलोचना भी की, लेकिन आमिर ने सहजता के साथ उनको स्वीकार किया और कहा कि वे दोनों जो कह रहे हैं, वह सही है। मैं ऐसा ही हूँ।

इसी शो के दरम्यान करण जौहर ने आमिर खान को ऑप्शन दिया कि वो मंगल पांडे, मेला और ठग्स ऑफ हिंदुस्तान, में से अपनी कौन सी फ्लॉप फिल्म को दोबारा ढंग से बनाना चाहेंगे। आमिर का कहना था कि मंगल पांडे वैसे ही बनी थी जैसी हम चाहते थे। हां मेला और ठग्स ऑफ हिंदुस्तान, दर्शकों तक वैसी नहीं पहुंच पाई जैसी हम पहुंचाना चाहते थे। तो मैं इन दो फिल्मों को जरूर वापस ठीक करना चाहूंगा। ज्ञातव्य है कि आमिर खान की मेला का निर्देशन धर्मेश दर्शन ने किया था, जिन्होंने आमिर खान करिश्मा कपूर को लेकर राजा हिन्दुस्तानी सरीखी ब्लॉकबस्टर फिल्म बनाई थी। मेला में आमिर खान के साथ ट्विंकल खन्ना और फैजल खान (आमिर के छोटे भाई) भी मुख्य भूमिकाओं में थे।

वहीं दूसरी तरफ उनकी ठग्स ऑफ हिन्दुस्तान को आदित्य चोपड़ा ने निर्मित किया था। इस फिल्म में उनके साथ अमिताभ बच्चन, कैटरीना कैफ नजर आए थे। इस फिल्म के प्रदर्शन के बाद आमिर खान ने अमिताभ बच्चन के बारे में कहा था कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जितने दिन भी चली है उसका सारा श्रेय अमिताभ बच्चन को जाता है। उनके अभिनय के साथ मैं पूरी तरह से असफल रहा हूँ। शो में जिस तरह से आमिर खान ने अपनी इन फिल्मों को बनाने की चाह प्रकट की है हो सकता है जल्द ही दर्शकों को एक बार फिर से, सही तरीके से सुधरे हुए अंदाज में, यह दोनों फिल्में देखने का मौका मिले।

करण जौहर के इस शो में आमिर खान ने बताया कि कौन से डायरेक्टर्स के साथ काम करना उनका सपना है। पहला नाम था एस एस राजामौली। इसके बाद आमिर खान ने नाम लिया सूरज बडज़ात्या का। आमिर का कहना था, सूरज बड़ी प्यारी सी फिल्में बनाते हैं। बिल्कुल सीधी सादी सी। मुझे बहुत ज़्यादा इच्छा है कि मैं एक बार उनके साथ जरूर काम करूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *