लखनऊ के सबसे प्राचीन वाल्मीकि मंदिर के अध्यक्ष अरुण कुमार वाल्मीकि के सौजन्य से आज कैंट रोड, बड़ी लाल कुर्ती में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद योगी उमेश नाथ मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने योगी उमेश नाथ का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर शहर के वाल्मीकि समाज के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के दौरान विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं को पूरी, सब्जी और बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया।
इस मौके पर योगी उमेश नाथ ने अपने संबोधन में कहा कि वे मूल रूप से राजनीतिक व्यक्ति नहीं हैं, लेकिन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्नेह और वाल्मीकि समाज के प्रति उनकी निष्ठा को देखते हुए वे राज्यसभा सदस्य बने। उन्होंने कहा कि वे पूरे देश में भ्रमण कर समाज को संगठित करने का कार्य कर रहे हैं।
वहीं, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि महंत योगी उमेश नाथ का वे दिल से स्वागत करते हैं और प्रदेश सरकार वाल्मीकि समाज के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। समाज की जो भी समस्याएं हैं, उन्हें जल्द से जल्द दूर किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में दीपक कुमार वाल्मीकि (उपाध्यक्ष), रूपा देवी, ईशा यादव (कार्यक्रम संयोजक), राज किरण, राजेश कुमार यादव (महामंत्री), गोलू भाई सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
