रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष अब काला सागर और पूर्वी यूरोप की सीमाओं से आगे निकलकर भूमध्य सागर के तटों तक पहुंचता दिख रहा है। यूक्रेन ने लीबिया के तट के पास रूसी नौसेना के जहाजों को निशाना बनाने का बड़ा दावा किया है। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर जानकारी दी कि यूक्रेनी बलों ने सात समुद्री ड्रोन्स के जरिए लीबिया के बेनगाजी बंदरगाह पर तैनात रूसी युद्धपोत ‘मर्करी’ पर हमला किया और उसे डुबो दिया।
जेलेंस्की के अनुसार, यह सैन्य कार्रवाई 22 नवंबर को लीबिया के समुद्री क्षेत्र के पास अंजाम दी गई। उन्होंने बताया कि इस हमले में केवल रूसी युद्धपोत को ही नुकसान नहीं पहुंचा, बल्कि रूसी सेना का एक Ka-27 लड़ाकू हेलिकॉप्टर भी तबाह हो गया। इसके अलावा, यूक्रेनी सेना ने रूस से जुड़े एक अन्य जहाज ‘MV अंगारा’ को भी निशाना बनाया, जिसके बारे में यूक्रेनी राष्ट्रपति का दावा है कि रूस इसका इस्तेमाल हथियारों के परिवहन के लिए कर रहा था।
वीडियो और सैटेलाइट तस्वीरों से मिले संकेत
-
वीडियो फुटेज: राष्ट्रपति जेलेंस्की ने टेलीग्राम पर इस कथित हमले से जुड़ा एक वीडियो साझा किया है, जिसमें मानवरहित समुद्री ड्रोन्स दोनों जहाजों की ओर बढ़ते और उनसे टकराते दिखते हैं। टक्कर के बाद जहाजों से आग की लपटें और घना धुआं उठता दिखाई देता है।
-
पहचान और सैटेलाइट संकेत: एक अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी के विश्लेषण में फुटेज में दिखे जहाजों के ढांचे, रंग-रूप और क्रेन की बनावट का मिलान पहले से मौजूद तस्वीरों से करके उनकी पहचान ‘मर्करी’ और ‘MV अंगारा’ के रूप में की गई। 22 नवंबर की सैटेलाइट तस्वीरों में भी बेनगाजी पोर्ट के भीतर ‘मर्करी’ के क्षतिग्रस्त होने के संकेत मिले हैं।
-
दूसरी फुटेज: ‘MV अंगारा’ पर हुए हमले से जुड़ा एक वीडियो लीबियाई नेशनल आर्मी ने भी जारी किया है, जिसमें दर्ज तारीख और भौगोलिक स्थिति के आधार पर यह घटना बेनगाजी तट से लगभग 6 किलोमीटर की दूरी पर होने की बात सामने आई है।
मॉस्को की चुप्पी और बदलती समुद्री रणनीति इन दावों पर रूसी रक्षा मंत्रालय की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, जिसके चलते स्वतंत्र स्तर पर सभी दावों की पूर्ण पुष्टि को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह घटनाक्रम फिनलैंड की खाड़ी में रूस से जुड़े एक मालवाहक जहाज पर हुए ड्रोन हमले के कुछ ही समय बाद सामने आया है। लगातार हो रही इन घटनाओं से संकेत मिलता है कि यूक्रेन अलग-अलग समुद्री मार्गों पर रूसी सैन्य और लॉजिस्टिक नेटवर्क को प्रभावित करने की रणनीति पर काम कर रहा है।
