इंदौर: मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट में प्रशासन द्वारा चार गानों पर लगाई गई पाबंदी का असर मंच पर साफ देखने को मिला। अपने ‘ऑरा इंडिया टूर’ (Aura India Tour) के तहत इंदौर पहुंचे दिलजीत ने शो के दौरान पाबंदियों और विरोध पर नाराजगी जताते हुए इंदौर के ही दिवंगत मशहूर शायर राहत इंदौरी के तीखे शेर पढ़कर करारा जवाब दिया।
मंच से कसा तंज, सुनाया राहत इंदौरी का शेरकॉन्सर्ट में हजारों की भीड़ को संबोधित करते हुए दिलजीत ने प्रशासन की ओर से जारी किए गए निर्देशों की नकल करते हुए कहा, “यह नहीं गाना, वह नहीं गाना, यह नहीं कर सकते, वह नहीं कर सकते।” इसके बाद उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि यहां आने से रोकने के लिए कई कोशिशें की गईं, लेकिन वह अपना वादा कभी नहीं तोड़ते और तमाम पाबंदियों के बावजूद आज यहां खड़े हैं।
दिलजीत ने ‘जय श्री महाकाल’ के उद्घोष के साथ माहौल में जोश भरा और कहा, “यह महाकाल की धरती है, हमें यहां आने से कोई नहीं रोक सकता। न हम पहले डरे थे और न आज डरते हैं।” इसके बाद उन्होंने राहत इंदौरी का मशहूर शेर पढ़ा—
“अगर खिलाफ हैं होने दो, जान थोड़ी है… सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है।”
इन चार गानों पर लगाई गई थी रोकइंदौर के महिला एवं बाल विकास विभाग (जिला बाल संरक्षण अधिकारी) ने कॉन्सर्ट से पहले आयोजकों को एक नोटिस जारी कर चार गानों— ‘पटियाला पेग’ (Patiala Peg), ‘5 तारा’ (5 Taara), ‘केस’ (Case – जेब विचों अफीम लभिया) और ‘जट्ट फायर करदा’ (Jatt Fire Karda) को न गाने के निर्देश दिए थे।
प्रशासन का कहना था कि चंडीगढ़ के एक प्रोफेसर की शिकायत और पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के पुराने दिशा-निर्देशों के तहत यह कदम उठाया गया है, क्योंकि कॉन्सर्ट में 5 साल से अधिक उम्र के बच्चों को भी प्रवेश की अनुमति थी और शराब, नशे या हथियारों को बढ़ावा देने वाले गानों का बच्चों पर गलत असर पड़ सकता है। शो से पहले आयोजन स्थल को बम से उड़ाने की धमकी भरे फर्जी ईमेल भी मिले थे, जिसके चलते सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए थे।
