उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कौशाम्बी में अधिकारियों के साथ की विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ: 08 नवम्बर, 2026उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज कौशाम्बी स्थित मां शीतला अतिथि गृह, सयारा में जनपद के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।उप मुख्यमंत्री ने जनपद कौशाम्बी में टेक होम राशन (टीएचआर) प्लांट की स्थापना के लिए आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर पूरी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जाए, जिससे उन्हें स्वरोजगार के अवसर प्राप्त हों और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर एवं सशक्त बन सकें।श्री मौर्य ने ग्राम चौपालों का नियमित एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि ग्राम चौपाल ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनें। अधिकारी गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनें और उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं में छूटे हुए पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर उन्हें योजनाओं से लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने मां शीतला अतिथि गृह, सयारा में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी, भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी, महाराजा बिजली पासी जी, महात्मा गौतम बुद्ध जी तथा महान चक्रवर्ती सम्राट अशोक जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री धर्मराज मौर्य, जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल, पुलिस अधीक्षक श्री सत्य नारायण, मुख्य विकास अधिकारी श्री विनोद राम त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *