लखनऊ, 05 नवम्बर 2026। माध्यमिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए ‘राज्य अध्यापक पुरस्कार’ एवं ‘मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार’ हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) प्रताप सिंह बघेल ने बताया कि योग्य व इच्छुक प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक आगामी 10 नवम्बर 2026 से 30 नवम्बर 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित राजकीय विद्यालयों, अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों तथा संस्कृत विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्यों, प्रधानाध्यापकों एवं अध्यापकों से ‘राज्य अध्यापक पुरस्कार’ के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।इसके साथ ही माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड), प्रयागराज से मान्यता प्राप्त अशासकीय स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों में सेवारत प्रधानाचार्यों, प्रधानाध्यापकों एवं अध्यापकों के शैक्षणिक योगदान को सम्मानित करने हेतु ‘मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार’ के लिए आवेदन की व्यवस्था की गई है।उक्त दोनों पुरस्कारों के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश, चयन मानक, समय-सारिणी तथा ऑनलाइन आवेदन का सक्रिय लिंक माध्यमिक शिक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट https://upmsp.edu.in पर उपलब्ध करा दिया गया है। संबंधित विद्यालयों के सभी पात्र शिक्षक एवं प्रधानाचार्य निर्धारित समयावधि के भीतर विभागीय पोर्टल पर जाकर अपनी प्रविष्टियां व आवश्यक विवरण पूर्ण कर समयबद्ध रूप से आवेदन सुनिश्चित कर सकते हैं।
