वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर पहुंचे। यहाँ उन्होंने मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां में स्थापित अरविंद लिमिटेड की नई टेक्सटाइल इकाई का उद्घाटन किया। इसके बाद वे नमो घाट पर आयोजित भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो में शामिल हुए। इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।
अरविन्द टेक्सटाइल मिल की मुख्य विशेषताएं
-
उत्पादन और रोजगार: लगभग सात एकड़ क्षेत्र में फैली इस नई टेक्सटाइल इकाई में अंडरगारमेंट्स, टी-शर्ट, शॉर्ट्स और लोअर जैसे परिधानों का निर्माण किया जाएगा। कंपनी की योजना इन उत्पादों को देश के साथ-साथ विदेशों में निर्यात करने की भी है।
-
निरीक्षण और संवाद: उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने फैक्ट्री परिसर का जायजा लिया और वहाँ काम कर रही महिला कामगारों से बातचीत कर उत्पादन प्रक्रिया की जानकारी ली।
नमो घाट पर वायुसेना का एयर शो और जनसैलाब
-
हवाई करतब और उत्साह: वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित एयर शो को देखने के लिए भारी संख्या में लोग जुटे। नमो घाट के साथ-साथ भोसले घाट और गंगा के दूसरे किनारे रामनगर की तरफ भी दर्शकों की भारी भीड़ देखने को मिली।
-
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: एयर शो और पीएम के दौरे को देखते हुए जल पुलिस, पीएसी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और गोताखोरों को तैनात किया गया है। साथ ही सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सेना के हेलीकॉप्टरों से भी निगरानी रखी जा रही है।
यातायात डायवर्जन और व्यवस्थाएं
प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर शहर के कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया गया है। सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए चौकाघाट से गोलगड्डा और राजघाट तक ऑटो, ई-रिक्शा और मालवाहक वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है ताकि किसी भी तरह की असुविधा न हो।
