जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास भारतीय सेना को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। केरन सेक्टर के जुमागुंड इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में सेना ने दो आतंकवादियों को मार गिराया है।
अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार तड़के करीब 3:30 बजे LoC के पास तैनात सतर्क जवानों ने कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखीं। इसके तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने मुस्तैदी दिखाते हुए आतंकवादियों को घेरा और उन्हें ललकारा, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं और आतंकवादियों की तलाश व इलाके को पूरी तरह सुरक्षित करने के लिए सर्च ऑपरेशन (तलाशी अभियान) जारी है। यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह किसी बड़ी घुसपैठ की कोशिश थी या नहीं।
